प्रतिनिधि, बरहरवा: गंगा नदी के उफान पर आने के बाद साहिबगंज जिले के बरहरवा प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है. मिर्जापुर और बरारी पंचायत के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है. वहीं मिर्जापुर, तिलहा, शुक्रवासीनी, पिपरा और बरारी पंचायतों में सड़क तक पानी पहुंच जाने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गयी है. बाढ़ की स्थिति को देखते हुए क्षेत्र के लोगों में चिंता का माहौल है.
निचले इलाकों और सड़कों तक पहुंचा पानी
गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी के बाद बरहरवा प्रखंड के कई निचले इलाकों में पानी पहुंचने लगा है. सड़कों तक पानी आने से ग्रामीणों के आवागमन में परेशानी शुरू हो गयी है.
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि गंगा के जलस्तर में इसी तरह बढ़ोतरी जारी रही तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है. इसे लेकर ग्रामीण लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं.
कांग्रेस नेताओं ने प्रभावित इलाकों का लिया जायजा
क्षेत्र के मौजूदा हालात का जायजा लेने के लिए पूर्व मंत्री आलमगीर आलम एवं पाकुड़ विधायक निसात आलम के निर्देश पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बरकत खान और 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक दास प्रभावित इलाकों में पहुंचे.
उन्होंने विभिन्न पंचायतों का भ्रमण कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति देखी और स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली.
ग्रामीणों ने आवागमन की समस्या बतायी
दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बाढ़ के पानी के कारण आवागमन में हो रही परेशानी सहित अन्य समस्याओं से कांग्रेस जिलाध्यक्ष को अवगत कराया. ग्रामीणों ने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक मदद उपलब्ध कराने की मांग की.
बरकत खान ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है. बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. लोगों को जिस भी आवश्यक सहायता की जरूरत होगी, उसके लिए प्रशासन से बातचीत कर हरसंभव मदद उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा.
राहत और बचाव के लिए प्रशासन से तैयारी की मांग
बरकत खान ने कहा कि प्रभावित इलाकों में प्रशासन को आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े. उन्होंने कहा कि यदि बाढ़ की स्थिति बिगड़ती है तो राहत और बचाव कार्य के लिए प्रशासन को पहले से तैयार रहना चाहिए.
मौके पर 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक दास, कांग्रेस कार्यकर्ता अब्दुल करीम, आलमगीर आलम, मोहम्मद कमाल सहित अन्य कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे.
