साहिबगंज : उत्पाद विभाग ने साहिबगंज जिले में देशी, विदेशी, मसालेदार, शराब की 48 दुकानों की बंदोबस्ती की प्रक्रिया सोमवार को समाहरणालय में डीसी ए मुथू कुमार की उपस्थिति में पूरी की गयी. बंदोबस्ती से सरकार को एक करोड़ 30 लाख 92 हजार 91 रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ. सहायक उत्पाद निरीक्षक जगदीश उरांव, रामाश्रय प्रसाद की देखरेख में बंदोबस्ती कार्य संपन्न हुआ. उपायुक्त कक्ष में लॉटरी के माध्यम से दुकानों का आवंटन किया गया.
सुरक्षा व्यवस्था के बीच दिन भर चले इस बंदोबस्ती अभियान में 16 समूह बनाये गये थे. इसमें 48 शराब दुकानों की बंदोबस्ती होनी थी. आवेदन शुल्क के तौर पर तीन लाख सात हजार रुपये प्राप्त हुये. जबकि दो माह की सिक्युरिटी राशि 42 लाख 61 हजार 697 व दो माह के अग्रिम के तौर पर 85 लाख 23 हजार 390 से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ. सहायक आयुक्त श्री जगदीश उरांव ने बताया कि शांतिपूर्ण व सुव्यवस्थित तरीके से बंदोबस्ती की गयी. शराब दुकान के आवंटन में पूरी पारदर्शिता बरती गयी है. इधर दुकान लेने के लिए सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी.
