मंडरो : जिले के मिर्जाचौकी थाना क्षेत्र अंतर्गत भगैया चौक पर गुरुवार को संध्या चार बजे हाइवा की चपेट में आने से पांच वर्षीय सिरिका कुमारी का बायां पैर कट गया. जिससे वह बुरी तरह घायल हो गयी. मिली जानकारी के अनुसार हाइवा गाड़ी नंबर जेएच 04 सी 9342 मिर्जाचौकी से गोड्डा की ओर जा रही थी. इसी बीच भगैया बजरंगबली मंदिर के समीप हाइवा ने पांच वर्षीय बच्ची को ठोकर मार दी. जिससे मौके पर ही बायां पैर कट गया.
पिता रोशन प्रसाद राम व परिजन व स्थानीय लोगों द्वारा बेहतर इलाज के लिए भागलपुर ले जाया गया. इधर स्थानीय ग्रामीणों ने हाइवा के ड्राइवर को पकड़कर बांधकर रखा व जमकर ड्राइवर की पिटाई भी की गयी. इसके बाद भगैया मार्ग को जाम कर दिया गया. सूचना मिलते ही मिर्जाचौकी के सअनि सीताराम सिंह मौके पर पहुंचकर ड्राइवर को अपने कब्जे में ले लिया. समाचार लिखे जाने तक जाम जारी था. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
