मृतक के भाई ने दर्ज करायी हत्या की प्राथमिकी, ग्रामीणों ने किया जाम
साहिबगंज : शहर से सटे महादेवगंज में शुक्रवार की सुबह जिरवाबाड़ी ओपी पुलिस ने रेलवे ट्रैक किनारे बने नाले से एक युवक का शव बरामद किया है. शव की शिनाख्त महादेवगंज के स्व रामबाला के 35 वर्षीय पुत्र शंकर यादव के रूप में की गई है. शव बरामदगी के मामले में मृतक के भाई छाबर यादव ने ओपी पुलिस के समक्ष हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है.
वहीं हत्या के विरोध में ग्रामीणों ने तीन घंटे तक सड़क जाम कर विरोध जताया. कुछ देर बाद एसडीओ के आश्वासन के बाद जाम हटाया गया. ग्रामीणों के अनुसार सुबह रेलवे लाइन किनारे बने नाला में शौच करने गये महादेवगंज के ग्रामीणों की नजर शंकर की लाश पर पड़ी. इसके बाद यह बात गांव में जंगल की आग की तरह फैली. सूचना पर ओपी प्रभारी राजेंद्र दास मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया.
इधर, ओपी पुलिस ने तत्काल यूडी केस दर्ज कर छानबीन में जुट गयी है. महादेवगंज के रेलवे नाला में शुक्रवार की अपराह्न् तीन बजे घटनास्थल पर दुमका से खोजी कुत्ता पहुंचा और घटनास्थल के इर्द-गिर्द घूमा. हालांकि अब तक किसी प्रकार की सुराग मिलने से जांच कर रही टीम ने इनकार किया है.
