एसडीओ की पक्षपात नीति के खिलाफ अधिवक्ता संघ एकजुट
साहिबगंज : जिला अधिवक्ता संघ की बैठक बुधवार को व्यवहार न्यायालय में अध्यक्ष ललित स्वदेशी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में अधिवक्ता सुनील कुमार ने संघ को जानकारी देते हुए कहा कि सदर अनुमंडल पदाधिकारी महेश संथालिया समय पर न्यायालय में मुकदमे की सुनवाई नहीं करते हैं और ना हीं इजलास में बैठते हैं. वे सिर्फ वैसे मुकदमे पर ध्यान देते हैं जिसमें उनकी व्यक्तिगत दिलचस्पी होती है.
जिससे अधिवक्ता और पक्षकार प्रभावित होते हैं. अधिवक्ताओं की सामूहिक शिकायत है कि बहुत से आपातकालीन मामले जो दप्रस की धारा 144 के तहत दायर किये जाते हैं. ऐसे केस बिना सुनवाई के ही समय सीमा समाप्त हो जाती है और पक्षकार को न्याय नहीं मिलता है.
विवादित जमीन मामले में भी अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा समय पर निर्णय नहीं लिया जाता है, जिससे उनके काम पर रोक नहीं लग पाती है. मला लंबित रहते निर्माण कार्य पूरा हो जाता है जो अनुमंडल पदाधिकारी की कर्तव्य के प्रति लापरवाही को दर्शाता है.
अधिवक्ता सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि 28 अप्रैल को जब वे अपने मुवक्किल की पैरवी के लिये एसडीओ के चेंबर में गये तो अनुमंडल पदाधिकारी ने अभद्र व्यवहार किया. सभी अधिवक्ताओं से चर्चा करने के बाद सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि 2 मई से 6 मई तक अनुमंडल पदाधिकारी के न्यायालय का बहिष्कार किया जायेगा तथा यह निर्णय भी लिया गया कि यदि इन पांच दिनों में कोई हल नहीं निकाला गया तो पांच दिनों के बहिष्कार को अनिश्चितकालीन बहिष्कार में तब्दील कर दिया जायेगा. इस अवसर पर अधिवक्ता चंद्रशेखर प्रसाद सिन्हा, अजय कुमार, अनिल कुमार, डीके झा, संजय कुमार मिश्र, गौतम सिंह, बबीता कुमारी सहित कई अधिवक्ता उपस्थित थे.
