साहिबगंज : मां दुर्गा के आठवें स्वरूप महागौरी की पूजा-अर्चना के लिए भक्तों की लंबी कतार मंदिरों में देखने को मिली. मंदिर के पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चर के साथ मां की पूजा करायी गयी. सकरूगढ़ स्थित बड़ी चैती दुर्गा मंदिर, रसुलपुर दहला स्थित चैती दुर्गा मंदिर व चौक बाजार स्थित दुर्गा मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं भक्तों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पूजा समिति के सदस्यों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन द्वारा महिला आरक्षी को तैनात किया गया था.
आरती में उमड़ी भीड़
वहीं संध्या समय महागौरी की भव्य आरती आयोजित की गयी. शहर के तीनों दुर्गा मंदिरों में सैकड़ों भक्तों ने आरती ली.
पूजा परिसर में लगा मेला
इस दौरान पूजा स्थल पर लगे मेले का लोगों ने आनंद उठाया. इसमें चाट पकौड़े व गोल गप्पे की दुकानों पर महिलाओं, युवतियों व बच्चों की भीड़ रही.
निकली कलश यात्रा
तालबन्ना शिव व बजरंगबली मंदिर समिति की ओर से कलश यात्रा निकाली गई. जो शोभनपुर भट्ठा स्थित मंदिर में पहुंची. मंदिर में टमाटर बाबा के नेतृत्व में पूजा-अर्चना करायी गयी. यात्रा में दर्जनों महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल थे.
