ग्रामीणों ने बंद करायी कोयला ढुलाई
फायरिंग में घायल वासुदेव के इलाज में खर्च होनेवाली राशि की मांग
प्रतिनिधि, पिपरवार.
प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीएसपीसी द्वारा की गयी गुरुवार को फायरिंग से घायल ट्रक मालिक वासुदेव गंझू के बेहतर इलाज व उसमें आनेवाले खर्च की राशि देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को अशोक परियोजना की कोयला ढुलाई रोक दी. इससे अशोक परियोजना गोलंबर चेकपोस्ट के पास वाहनों की लंबी कतार लग गयी. मोनेट वाशरी व रोड सेल से जुड़े कोयला लोड वाहन दिन भी फंसे रहे. बाद में प्रबंधन के पहल पर ग्रामीणों की बैठक हुई. इसमें आश्वासन के बाद शाम में मोनेट वाशरी के डंपरों का परिचालन शुरू हो गया. लेकिन रोड सेल से जुड़े ट्रक खड़े रहे. छह नंबर कांटा घर के पास सन्नाटा पसरा रहा. रोड सेल के माध्यम से कोयले का उठाव नहीं हो सका. सीआइएसएफ की गश्ती दल दिन भर कांटा घरों व चेकपोस्ट के आसपास गश्त करती रही. गोलीबारी की घटना के बाद पिपरवार पुलिस काफी दबाव में है. अपराधियों की धर-पकड़ के लिए छापामारी कर रही है. मुखबिरों को अलर्ट मोड पर रखा गया है. ज्ञात हो कि गुरुवार सुबह अशोक परियोजना कार्यालय के निकट अपराधियों की अंधाधुंध फायरिंग से बेंती निवासी वासुदेव गंझू को गोली लगी थी. उनका इलाज रांची में चल रहा है.
फायरिंग में घायल वासुदेव के इलाज में खर्च होनेवाली राशि की मांगB