पिठोरिया से सुजीत कुमार केशरी की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड के रांची जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र स्थित पिठोरिया-रांची मार्ग के केला बागान में बने हनुमान मंदिर में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया. मंदिर से तांबा और पीतल की कई कीमती पूजन सामग्रियां चोरी हो जाने के बाद स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है. मंदिर समिति ने पुलिस प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है.
देर रात मंदिर को बनाया निशाना
जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात चोर मंदिर परिसर में घुसे और वहां रखी कई महत्वपूर्ण पूजन सामग्रियां अपने साथ ले गए. चोरी हुए सामान में पीतल का करीब 5 किलो वजन का बड़ा घंटा, एक हाथ वाला घंटी, पूजा की दो थालियां, 4 से 5 दीये, पांच कटोरियां, कांसा के पांच गिलास, एक बड़ा लोटा, एक छोटा लोटा और तांबे के दो शेषनाग शामिल हैं. इसके अलावा भी कई अन्य पूजन सामग्री चोरी होने की बात सामने आई है. मंदिर के पुजारी और स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह मंदिर का दरवाजा खुला देखा, जिसके बाद चोरी की जानकारी मिली. घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मंदिर परिसर में जुट गए.
पहले भी हो चुकी है चोरी की वारदात
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब इस मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया हो. इससे पहले भी दो बार मंदिर में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं. हालांकि, अब तक किसी भी मामले में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से मंदिर समिति और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थलों में लगातार हो रही चोरी की घटनाएं चिंता का विषय बन चुकी हैं. लोगों ने पुलिस प्रशासन से इलाके में गश्त बढ़ाने और मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.
सनातनी संगठनों ने जताई नाराजगी
घटना के बाद विभिन्न सनातनी समितियों और धार्मिक संगठनों ने भी नाराजगी जताई है. उन्होंने मंदिर में चोरी की घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. संगठनों का कहना है कि भगवान के मंदिर में चोरी होना समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है. उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है.
इसे भी पढ़ें: चतरा में कलियुगी बेटे ने पिता की कर दी हत्या, कान्हाचट्टी के गांव में फैली सनसनी
पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलने के बाद पिठोरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. थाना प्रभारी सतीश कुमार पांडे ने कहा कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर लिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है.
इसे भी पढ़ें: गिरिडीह के तिसरी में सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम
