सिल्ली. प्रखंड के बड़ाचांगड़ु गांव में रविवार की रात प्रदीप महतो का पुराना कच्चा मकान का कोठा भरभराकर गिर गया. हादसे में घर के लोग बाल-बाल बच गये, लेकिन लाखों की संपत्ति का नुकसान हो गया. जानकारी के मुताबिक रविवार की रात को प्रदीप महतो एवं परिवार के सभी लोग खाना खा कर सो रहे थे, तभी अचानक रात लगभग एक बजे घर के दरकने की आवाज से सभी जग गये. आनन-फानन में घर से बाहर निकले. इसी बीच पूरा घर भरभरा कर गिर गया. अंजु देवी ने बताया घर में रखे अलमीरा, कपड़े, अनाज, बर्तन समेत अन्य सामान घर के मलबे में दब गये हैं. गृह स्वामी ने लगभग ढाई लाख रुपए के नुकसान का दावा किया है. घटना की जानकारी अंचलाधिकारी को देकर मुआवजे की मांग की गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
