भीषण गर्मी में मिलेगा ठंडा पानी, श्री सर्वेश्वरी समूह ने किया निशुल्क प्याऊ सेवा का शुभारंभ

Sri Sarveshwari Samooh: रांची में भीषण गर्मी के बीच लोगों को राहत देने के लिए श्री सर्वेश्वरी समूह ने निशुल्क प्याऊ सेवा की शुरुआत की है. इस पहल के तहत विभिन्न स्थानों पर शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है. यह सेवा गर्मी के मौसम में आम जनता को राहत देने के उद्देश्य से शुरू की गई है.

Sri Sarveshwari Samooh: रांची में बढ़ती गर्मी के बीच आम लोगों को राहत देने के उद्देश्य से श्री सर्वेश्वरी समूह- शाखा रांची (औघड़ भगवान राम आश्रम, अघोर पथ, लेक रोड पश्चिम, रांची) द्वारा शहर के पांच अलग-अलग स्थानों पर ‘निःशुल्क प्याऊ सेवा’ का शुभारम्भ किया गया है. यह सेवा 20 अप्रैल 2026 से 26 अप्रैल 2026 तक विभिन्न चरणों में शुरू की गई, जिसका उद्देश्य लोगों को शुद्ध और ठंडा पेयजल उपलब्ध कराना है.

इस अभियान की शुरुआत विधिवत आरती और पूजन के साथ की गई. पहले चरण में 20 अप्रैल को पिस्का मोड़ स्थित गुरु कृपा बिल्डिंग के पास प्याऊ सेवा शुरू हुई. इसके बाद 21 अप्रैल को किशोरगंज चौक के प्रीति स्वीट्स के बगल में, 22 अप्रैल को रातू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के पास, 23 अप्रैल को अरगोड़ा चौक के निकट आई.डी.बी.आई. बैंक के पास तथा 26 अप्रैल को बाजरा चौक स्थित आई.टी.आई. और गौरी मेडिकल के पास सेवा का शुभारम्भ किया गया. संस्था के अनुसार, यह सेवा पूरे गर्मी के मौसम तक प्रतिदिन जारी रहेगी ताकि राहगीरों और आम नागरिकों को गर्मी से राहत मिल सके.

‘पंछी को दाना-पंछी को पानी’ कार्यक्रम

इसके साथ ही संस्था द्वारा पर्यावरण और जीव संरक्षण से जुड़ी पहल भी की जा रही है. ‘पंछी को दाना – पंछी को पानी’ कार्यक्रम के तहत मिट्टी के सकोरों का वितरण किया जा रहा है. इस अभियान का पहला चरण 24 अप्रैल 2026 को न्यू मधुकम स्थित प्रोग्रेसिव पब्लिक स्कूल ऑफ लर्निंग में आयोजित हुआ, जिसमें 225 सकोरों और दाना पैकेटों का वितरण छात्रों के बीच किया गया. इस पहल का उद्देश्य बच्चों में पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण की भावना को बढ़ावा देना है.

इसके अलावा अस्पतालों और जरूरतमंद लोगों के बीच ताड़ पत्तों से बने हाथ पंखों का वितरण भी किया जाएगा, जिससे भीषण गर्मी में उन्हें राहत मिल सके. संस्था की यह पहल न केवल लोगों को गर्मी से राहत प्रदान कर रही है, बल्कि समाज में सेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दे रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pritish Sahay

12 वर्षों से टीवी पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सेवाएं दे रहा हूं. रांची विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग से पढ़ाई की है. राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय विषयों के साथ-साथ विज्ञान और ब्रह्मांड विषयों पर रुचि है. बीते छह वर्षों से प्रभात खबर.कॉम के लिए काम कर रहा हूं. इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में काम करने के बाद डिजिटल जर्नलिज्म का अनुभव काफी अच्छा रहा है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >