डकरा. सरस्वती शिशु विद्या मंदिर डकरा में शनिवार को गुरु गोविंद सिंह जी की जयंती भव्य रूप में मनायी गयी. विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना एवं गुरुवाणी का सस्वर पाठ प्रस्तुत किया गया जिससे समूचा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर गया. प्रभारी प्रधानाचार्य विद्यानंद झा ने अपने उद्बोधन में गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु जी ने मानवता, साहस, त्याग और धर्म की रक्षा के लिए अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित कर दिया. खालसा पंथ की स्थापना कर उन्होंने समाज को समानता, निडरता और सेवा का मार्ग दिखाया. उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है. विद्यार्थियों द्वारा भाषण, कविता पाठ, नाटक एवं देशभक्ति गीतों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं. नाटक के माध्यम से गुरु गोविंद सिंह जी के बलिदान, शौर्य एवं देशभक्ति को जीवंत रूप में दर्शाया गया, जिससे उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो गया. भैया-बहनों ने अपने विचारों के माध्यम से गुरु जी के आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया.अंत में विद्यालय के शारीरिक आचार्य नवीन कुमार सिंह ने प्रस्तुति देने वाले सभी छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में संस्कार, राष्ट्रभक्ति एवं नैतिक मूल्यों का विकास होता है.शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिवार मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
