लोकसभा चुनाव : कैबिनेट सचिवालय व निगरानी विभाग की बनी स्क्रीनिंग कमेटी, मुख्य सचिव चेयरमैन

लोकसभा चुनाव की आदर्श आचार संहिता के बाद कई तरह के विभागीय फाइल निर्वाचन कार्यालय में आ रहे हैं. कई विभाग सीधे निर्वाचन कार्यालय को संचिका भेज दे रहे हैं.

लोकसभा चुनाव को लेकर जारी आदर्श चुनाव आचार संहिता के बाद कई तरह के विभागीय फाइल निर्वाचन कार्यालय में आ रहे हैं. कई विभाग सीधे निर्वाचन कार्यालय को संचिका भेज दे रहे हैं. इस पर निर्वाचन कार्यालय से आपत्ति हो रही है. इसके मद्देनजर झारखंड सरकार के कैबिनेट सचिवालय व निगरानी विभाग ने एक स्क्रीनिंग कमेटी बनायी है.

कमेटी के जरिए ही चुनाव आयोग को भेजी जाएगी फाइल

कमेटी के माध्यम से ही विभाग संचिका भेज सकेंगे. इसमें यह तय होगा कि कौन की संचिका चुनावी प्रक्रिया के दौरान भी महत्वपूर्ण है. किसके लिए अनुमति की जरूरत है. इस स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मुख्य सचिव होंगे. कमेटी में जिस विभाग का प्रस्ताव होगा, उसके सचिव, अपर मुख्य सचिव या प्रधान सचिव होंगे. इसके अतिरिक्त मंत्रिमंडल सचिवालय व निगरानी विभाग के प्रधान सचिव भी सदस्य होंगे.

विभागों के प्रस्ताव पर विचार के बाद कमेटी आयोग को भेजेगी संचिका

विभागों से आये प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करने के बाद कमेटी ही चुनाव आयोग को संचिका भेजेगी. इसमें आदर्श चुनाव आचार संहिता की गाइडलाइन का पूरा ख्याल रखा जायेगा. इसमें संबंधित प्रस्ताव की जरूरत बतायी जायेगी. यह भी बताना होगा कि क्यों संबंधित प्रस्ताव को चुनाव कार्य होने तक रोकना संभव नहीं है. सभी विभागों को निर्देश दिया गया है कि कोई भी प्रस्ताव सीधे चुनाव आयोग को नहीं भेजें.

  • विभाग से सीधे प्रस्ताव की संचिका भेजने पर निर्वाचन कार्यालय को आपत्ति
  • स्क्रीनिंग कमेटी से पास होने पर निर्वाचन कार्यालय भेजे जायेंगे विभागों के प्रस्ताव

प्रस्ताव का फॉरमेट भी जारी

विभागों को चुनाव आयोग को भेजे जाने वाले प्रस्ताव का फॉरमेट भी जारी किया है. इसमें विभाग का नाम, संचिका संख्या, प्रस्ताव का विषय, प्रस्ताव चुनाव आचार संहिता के दायरे में आता है या नहीं का भी जिक्र करना है. विभागीय मंत्री का अनुमोदन प्राप्त हुआ है या नहीं, इसका भी जिक्र करना है.

Also Read : लोकसभा चुनाव 2024: रांची में हर चेक पोस्ट पर लगाएं सीसीटीवी कैमरे व ड्रॉप गेट, बोले जिला निर्वाचन पदाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा

तय जिम्मेवारियों का 100% अनुपालन अनिवार्य : सीइओ

राज्य के मुख्य चुनाव पदाधिकारी के रविकुमार ने पलामू, गढ़वा लातेहार व चतरा की चुनावी तैयारियों की समीक्षा करते हुए शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन को समन्वय कर कार्ययोजना तैयार का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी स्तरों पर चुनाव आयोग द्वारा तय जिम्मेवारियों का 100 प्रतिशत अनुपालन अनिवार्य है.

नामजद आरोपितों को गिरफ्तार करें : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

पलामू के प्रमंडलीय मुख्यालय में चारों जिलों के उपायुक्तों व पुलिस अधीक्षकों के साथ चुनाव प्रबंधन की समीक्षा करते हुए रविकुमार ने क्षेत्र के नामजद आरोपितों को अभियान चला कर गिरफ्तार करने, प्रतिबंधित नशीले पदार्थों व अवैध शराब के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट करने का निर्देश दिया.

सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधा सुनिश्चित करें

उन्होंने 27 मार्च तक सभी मतदान केंद्रों पर न्यूनतम सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा. मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर पैनी नजर रखने की जरूरत बतायी. उन्होंने सोशल मीडिया सेल, कंट्रोल रूम, यातायात प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन, पोस्टल बैलेट, प्रशिक्षण, एमसीएमसी सहित अन्य कोषांगों को सक्रिय रखने का निर्देश दिया.

Also Read : फेक न्यूज पर होगी कार्रवाई, कोल्हान में लोकसभा चुनाव की तैयारी की समीक्षा कर बोले झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार

चेक पोस्ट को करें सक्रिय, बरतें सख्ती

कहा कि सभी चेक पोस्ट को सक्रिय करते हुए सख्ती बरतें. पर्याप्त बल एवं दंडाधिकारी की नियुक्ति कर अवैध शराब व शस्त्र की आवाजाही पर पूर्णतया रोक लगाने के लिए अभियान चलायें. संवेदनशील मतदान केंद्रों पर जीरो रिस्क प्रिंसिपल पर काम करें.

मतदान कर्मियों को दें मेडिकल किट की सुविधा

के रविकुमार ने मतदान केंद्रों पर शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने का निर्देश दिया. कहा कि पेयजल की समस्या वाले मतदान केंद्रों पर टैंकर व स्टोरेज कर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करें. शौचालय को भी क्रियाशील रखें. मतदान कर्मियों को मेडिकल किट की सुविधा दें. निर्वाचन कार्य के आलोक में स्थायी और अस्थायी हेलीपैड की व्यवस्था दुरुस्त करायें. पोलिंग पार्टी एवं इमरजेंसी सेवाओं में इस्तेमाल के लिए संयुक्त अभ्यास करें.

सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश

बैठक में राज्य पुलिस नोडल पदाधिकारी एवी होमकर ने संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखते हुए व्यवस्था सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. मतदान केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में सीआरपीएफ एवं पुलिस बलों की तैनाती करने को कहा.

Also Read : Lok Sabha Election: निष्पक्ष एवं भयमुक्त चुनाव के लिए बनाएं कार्ययोजना, तैयारी की समीक्षा कर बोले झारखंड के सीईओ के रवि कुमार

मतदाता व पोलिंग पार्टी की सुरक्षा पहली प्राथमिकता

श्री होमकर ने मतदान कराने के साथ इवीएम, मतदाता व पोलिंग पार्टी की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता बतायी. कहा कि दुरूह क्षेत्र के मतदान केंद्रों और कलस्टर पर पोलिंग पार्टी के साथ आवश्यक सेवाओं के लिए आवागमन की व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाये.

बैठक में ये लोग थे मौजूद

बैठक में सीआरपीएफ के आइजी राकेश अग्रवाल, अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी नेहा अरोड़ा, पलामू के प्रमंडलीय आयुक्त बाल किशुन मुंडा, पलामू के आइजी नरेंद्र कुमार सिंह, डीआइजी सीआरपीएफ पंकज कुमार समेत अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

रांची डीसी ने चुनाव को लेकर की बैठक दिये जरूरी निर्देश

रांची जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस द्वारा जिला के सभी केंद्रों पर की जानेवाली सुविधा व्यवस्था को लेकर बैठक की. उन्होंने केंद्रों पर शौचालय और स्नानघर जैसी न्यूनतम सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

Also Read : लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड के गृह सचिव के तबादले पर क्या बोले मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी

दिए गए ये निर्देश

इसके अलावा मतदान कर्मियों को बोतलबंद पानी और तीन बार भोजन उपलब्ध कराने के अलावा पोलिंग बूथ पर भोजन उपलब्ध कराने वाले दुकानदारों का नाम और संपर्क नंबर चिपकाने का निर्देश दिया गया. वहीं, पदाधिकारी के लिए मतदान केंद्र पर बैठने के लिए पर्याप्त टेबल और कुर्सी की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया.

संवेदनशील बूथों पर पर्याप्त संख्या में तैनात होंगे सुरक्षा बल

मतदान बूथों पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त करने और खास कर संवेदनशील बूथों पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात करने को कहा गया. डीसी ने स्पष्ट कर दिया कि वह शीघ्र ही वरीय पदाधिकारियों के साथ पोलिंग बूथों का निरीक्षण करेंगे.

Table of Contents

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Mithilesh Jha

मिथिलेश झा PrabhatKhabar.com में पश्चिम बंगाल राज्य प्रमुख (State Head) के रूप में कार्यरत वरिष्ठ पत्रकार हैं. उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 32 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव है. उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, जलवायु परिवर्तन, नवीकरणीय ऊर्जा, कृषि और अन्य समसामयिक विषयों पर केंद्रित रही है, जिससे वे क्षेत्रीय पत्रकारिता में एक विश्वसनीय और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित हुए हैं. अनुभव : पश्चिम बंगाल, झारखंड और बिहार में 3 दशक से अधिक काम करने का अनुभव है. वर्तमान भूमिका : प्रभात खबर डिजिटल (prabhatkhabar.com) में पश्चिम बंगाल के स्टेट हेड की भूमिका में हैं. वे डिजिटल न्यूज कवर करते हैं. तथ्यात्मक और जनहित से जुड़ी पत्रकारिता को प्राथमिकता देते हैं. वर्तमान में बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 पर पूरी तरह से फोकस्ड हैं. भौगोलिक विशेषज्ञता : उनकी रिपोर्टिंग का मुख्य फोकस पश्चिम बंगाल रहा है, साथ ही उन्होंने झारखंड और छत्तीसगढ़ की भी लंबे समय तक ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग की है, जो उनकी क्षेत्रीय समझ और अनुभव को दर्शाता है. मुख्य विशेषज्ञता (Core Beats) : उनकी पत्रकारिता निम्नलिखित महत्वपूर्ण और संवेदनशील क्षेत्रों में गहरी विशेषज्ञता को दर्शाती है :- राज्य राजनीति और शासन : झारखंड और पश्चिम बंगाल की राज्य की राजनीति, सरकारी नीतियों, प्रशासनिक निर्णयों और राजनीतिक घटनाक्रमों पर निरंतर और विश्लेषणात्मक कवरेज. सामाजिक मुद्दे : आम जनता से जुड़े सामाजिक मुद्दों, जनकल्याण और जमीनी समस्याओं पर केंद्रित रिपोर्टिंग. जलवायु परिवर्तन और नवीकरणीय ऊर्जा : पर्यावरणीय चुनौतियों, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव और रिन्यूएबल एनर्जी पहलों पर डेटा आधारित और फील्ड रिपोर्टिंग. डाटा स्टोरीज और ग्राउंड रिपोर्टिंग : डेटा आधारित खबरें और जमीनी रिपोर्टिंग उनकी पत्रकारिता की पहचान रही है. विश्वसनीयता का आधार (Credibility Signal) : तीन दशकों से अधिक की निरंतर रिपोर्टिंग, विशेष और दीर्घकालिक कवरेज का अनुभव तथा तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता ने मिथिलेश झा को पश्चिम बंगाल और पूर्वी भारत के लिए एक भरोसेमंद और प्रामाणिक पत्रकार के रूप में स्थापित किया है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >