यात्रियों की सुरक्षा में RPF रांची का दमदार प्रदर्शन, मिला प्रतिष्ठित ‘सिक्योरिटी शील्ड’ अवार्ड

आरपीएफ रांची को यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में प्रतिष्ठित 'सिक्योरिटी शील्ड' अवार्ड से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने प्रदान किया. आरपीएफ रांची के विभिन्न अभियानों और यात्रियों की मदद के प्रयासों की सराहना की गई है.

रांची: रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और रेलवे परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए आरपीएफ रांची को इस वर्ष प्रतिष्ठित ‘सिक्योरिटी शील्ड’ अवार्ड से सम्मानित किया गया. दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान कार्यालय, जीआरसी, कोलकाता में आयोजित समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक ने यह सम्मान प्रदान किया.

यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए गए प्रयास

यह पुरस्कार डीएससी/आरपीएफ रांची के नेतृत्व में रांची मंडल में यात्रियों की सुरक्षा, संदिग्ध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई, सतर्क गश्त, अवैध गतिविधियों पर अंकुश तथा रेलवे संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना के रूप में प्रदान किया गया.

पिछले एक वर्ष के दौरान आरपीएफ रांची ने यात्री सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विभिन्न विशेष एवं जांच अभियानों का सफल संचालन किया. ‘ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते’ के तहत गुमशुदा एवं जरूरतमंद बच्चों को सुरक्षित बरामद कर उनके परिजनों अथवा संबंधित बाल कल्याण समिति तक पहुंचाया गया. ‘ऑपरेशन आहट’ के तहत मानव तस्करी के खिलाफ कार्रवाई की गयी. वहीं, ‘ऑपरेशन नॉर्कोस’ और ‘ऑपरेशन सतर्क’ जैसे अभियानों के माध्यम से मादक पदार्थों, अवैध शराब, तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की गयी.

आपात परिस्थितियों में यात्रियों की मदद

आरपीएफ रांची के अधिकारियों और जवानों ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ आपात परिस्थितियों में यात्रियों की सहायता, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं की मदद, बच्चों की सुरक्षा तथा जरूरतमंद यात्रियों को मानवीय सहयोग प्रदान कर सुरक्षा बल की संवेदनशील छवि को भी मजबूत किया है.

सम्मान समारोह में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ रेलवे अधिकारी और सुरक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे. इस उपलब्धि को आरपीएफ रांची की पूरी टीम के अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और 24x7 सेवा भावना का परिणाम माना जा रहा है.

पूरी टीम में हर्ष

आरपीएफ रांची की इस उपलब्धि से पूरे रांची मंडल में हर्ष का माहौल है. यह ‘सिक्योरिटी शील्ड’ आरपीएफ के अधिकारियों और जवानों द्वारा यात्रियों की सुरक्षित एवं सुखद रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की पहचान है. सम्मान से आरपीएफ रांची की टीम को आगे भी उत्साह और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rajesh kumar jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >