पेट्रोलियम कंपनियों का दावा, रांची में नहीं है गैस की कोई किल्लत! अफवाहों से न हों पैनिक

LPG Cylinder Crisis: रांची में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की अफवाहों के बीच गैस कंपनियों ने साफ किया कि शहर में घरेलू गैस की पर्याप्त आपूर्ति है. उपायुक्त के साथ बैठक में कंपनियों ने लोगों से पैनिक होकर बुकिंग न करने की अपील की. 25 दिन बाद ही दूसरी बुकिंग का नियम लागू रहेगा. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

रांची से आनंद मोहन की रिपोर्ट

LPG Cylinder Crisis: झारखंड की राजधानी रांची में रसोई गैस सिलेंडर की सप्लाई करने वाली पेट्रोलियम कंपनियों का दावा है कि शहर में गैस की किसी प्रकार की किल्लत नहीं है. बुधवार को जिले के उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री के साथ हुई बैठक में इन कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा, ‘जिले में घेरलू गैस की सप्लाई में कोई कमी नहीं है. लोगों को परेशान होने की जरूरत नहीं है.’ उपायुक्त के साथ हुई बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधि शामिल थे. गैस कंपनियों के ओर से ये भी कहा गया कि लोग पैनिक होकर बुकिंग न करें. ज्यादा संख्या में बुकिंग रिक्वेस्ट आने से गैस कंपनियों के सॉफ्टवेयर पर असर पड़ा है, जिसके अपग्रेडेशन का कार्य जारी है. कुछ ही दिनों में सामान्य रुप से बुकिंग हो सकेगी. लोगों को एजेंसियों के ऑफिस आने की जरूरत नहीं है.

25 दिनों के बाद होगी दूसरी बुकिंग

गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि भारत सरकार के दिशा निर्देशानुसार एक बुकिंग के बाद 25 दिनों बाद ही दूसरी बुकिंग हो पाएगी. इमरजेंसी में उपभोक्ता 2 और 5 लीटर के सिलेंडर भी ले सकते हैं. प्रतिनिधियों ने बताया कि एचपीसीएल और बीपीसीएल के 5 लीटर के सिलेंडर बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं और ग्राहक आधार कार्ड लेकर गैस हासिल कर सकते हैं.

आईवीआर, एप और वेब आधारित बुकिंग करें

बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि उपभोक्ता आइवीआर, मिस्ड कॉल फैसिलिटी, ऐप और वेब बेस्ड बुकिंग करें. उन्हें एजेंसी में आने की जरूरत नहीं है. बुकिंग में हो रही देरी सॉफ्टवेयर अपग्रेडेशन के कारण है, जो जल्द ही दूर हो जाएगा.

किसी भी सूरत नहीं होगी कालाबाजारी: उपायुक्त

इस दौरान उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने गैस की बढ़ती मांग के बीच सभी गैस कंपनियों और एजेंसियों को प्रॉपर प्लानिंग और कम्यूनिकेशन के साथ कार्य करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि देश में आवश्यक वस्तु अधिनियम लागू है. सभी उपभोक्ताओं तक घरेलू गैस सामान्य तरीके से पहुंचाना चाहिए. किसी भी तरह की कालाबाजारी पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

इसे भी पढ़ें: साइकिल से विधानसभा पहुंचे झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, गैस-तेल संकट का विरोध

जिला स्तर पर बनेगी समिति

बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की ओर से अस्पतालों, आंगनवाड़ी केंद्रों, ओल्ड ऐज होम, अनाथालय, कल्याण विभाग के हॉस्टल, मिड डे मील, संप्रेषण गृह, जेल, सीएपीएफ आदि में गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उपायुक्त की ओर से इसके लिए डिस्ट्रिक लेवल मॉनिटरिंग कमिटि बनाने का निर्देश दिया गया. कमिटि में सदर के एसडीओ (सब-डिवीजनल ऑफिसर) और बुंडू के मार्केटिंग ऑफिसर, ओएमसी और गैस एजेंसी के नोडल, हॉस्पिटल के नोडल और अन्य संबंधित पदाधिकारी शामिल होंगे. इसके साथ ही, उपायुक्त की ओर से अबुआ साथी (9430328080) पर गैस आपूर्ति से संबंधित आनेवाली शिकायतों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए.

इसे भी पढ़ें: पलामू में पुलिस-प्रशासन चुस्त, डीआईजी ने सिविल कोर्ट परिसर और कंट्रोल रूम का किया निरीक्षण

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >