रांची से राजकुमार लाल की रिपोर्ट
Ranchi Fruit Price Hike: झारखंड में रविवार से चैती छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ हो गई है. सोमवार को खरना और मंगलवार को अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया जाएगा. लेकिन राजधानी रांची में इस बार छठ पूजा की तैयारियों के बीच फलों की बढ़ती कीमतों ने व्रतियों की चिंता बढ़ा दी है.
फलों के दाम आसमान पर
रांची के बाजारों में इस समय फलों के दाम काफी बढ़ गए हैं. पीला केला 300 से 550 रुपये प्रति कांधी बिक रहा है. सेब की 14 से 15 किलो वाली पेटी 1800 से 2200 रुपये तक पहुंच गई है. अनार 80 से 130 रुपये प्रति किलो बिक रहा है, जबकि आम की पेटी 600 से 900 रुपये तक मिल रही है.
अन्य फलों और पूजा सामग्री की कीमतें भी बढ़ीं
अंगूर की 9 किलो की पेटी 800 से 900 रुपये में मिल रही है. संतरा 22 से 23 किलो की पेटी में 1200 से 1400 रुपये तक बिक रहा है. मौसमी की 18 किलो की बोरी 500 से 600 रुपये में उपलब्ध है. वहीं गन्ना 20 से 50 रुपये प्रति पीस और नारियल 30 से 50 रुपये प्रति पीस तक बिक रहा है.
दूसरे राज्यों से आ रही है आपूर्ति
बाजार में उपलब्ध फलों की आपूर्ति मुख्य रूप से अन्य राज्यों से हो रही है. केला पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश से आ रहा है. अनार गुजरात और राजस्थान से मंगाया जा रहा है. आम आंध्र प्रदेश से, अंगूर महाराष्ट्र के शोलापुर से और मौसमी नागपुर से रांची पहुंच रही है.
महंगाई के पीछे की वजहें
व्यापारियों के अनुसार, पिछले साल की तुलना में इस बार फलों की कीमतों में 50 से 100 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है. इसके पीछे डीजल की बढ़ती कीमतें और मजदूरी लागत में इजाफा मुख्य कारण हैं. परिवहन खर्च बढ़ने से इसका सीधा असर बाजार कीमतों पर पड़ा है.
व्रतियों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
छठ पूजा में फलों और पूजा सामग्री का विशेष महत्व होता है. ऐसे में कीमतों में आई इस तेजी से व्रतियों का बजट बिगड़ रहा है. श्रद्धालु आवश्यक सामग्री खरीदने को मजबूर हैं, लेकिन महंगाई के कारण उन्हें अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है.
त्योहार के बीच राहत की उम्मीद
व्रतियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में कीमतों में कुछ कमी आएगी, जिससे उन्हें थोड़ी राहत मिल सके. फिलहाल, छठ महापर्व की आस्था के बीच महंगाई एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है.
इसे भी पढ़ें: चैती छठ कर रहीं सिमडेगा की डीसी कंचन सिंह, नहाय-खाय के साथ व्रत शुरू
रांची में फलों की कीमतें
- पीला केला: 300 से 550 रुपये कांधी
- सेब स्टोर वाला (14 से 15 किलो की पेटी): 1800 से 2200 रुपये
- अनार: 80 से 130 रुपये किलो
- आम: 600 से 900 रुपये पेटी
- अंगूर: 800 से 900 रुपये पेटी 9 किलो
- संतरा: 1200 से 1400 रुपये पेटी 22 से 23 किलो
- मौसमी: 500 से 600 रुपये बोरी 18 किलो
- गन्ना: 20 से 50 रुपये प्रति पीस
- नारियल खुदरा में साइज के हिसाब से: 30 से 50 रुपये प्रति पीस
इसे भी पढ़ें: नहाय-खाय के साथ आज से शुरू हो गया चैती छठ महापर्व, मंगलवार को पहला अर्घ्य
