रांची एयरपोर्ट के आसपास 40 बिल्डिंग पर चमकेगी एयरक्राफ्ट वॉर्निंग लाइट, उड़ान सुरक्षा होगी मजबूत

रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमानन सुरक्षा को मजबूत करने के लिए 40 ऊंची इमारतों पर एयरक्राफ्ट वार्निंग लाइटें लगाई जा रही हैं. यह पहल रात के समय पायलटों को स्पष्ट दृश्यता प्रदान करेगी, जिससे उड़ानों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी.

Ranchi Airport Safety Measures : बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर विमानों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है. एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, जिला प्रशासन द्वारा ऐसे भवनों की पहचान की गयी है, जिनकी ऊंचाई विमानन सुरक्षा मानकों से अधिक है. इनमें 40 भवनों पर विमानन अवरोधक (एयरक्राफ्ट वॉर्निंग लाइट) लाल चेतावनी लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया गया है. 

रात में पायलटों को मिलेगी स्पष्ट दृश्यता 

इन लाइटों का उद्देश्य रात के समय पायलटों को ऊंची इमारतों की स्पष्ट जानकारी देना है जिससे विमान संचालन पूरी तरह सुरक्षित रहे. अधिकारियों ने बताया कि जिन भवनों पर अब तक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया है, उनके मालिकों को फिर से नोटिस जारी किये जायेंगे. पूर्व में कई बार नोटिस दिये जा चुके हैं, लेकिन नियमों का पालन नहीं करने वालों के विरुद्ध अब नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जायेगी. गौरतलब है कि 24 जून को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के आयुक्त मनोज कुमार की अध्यक्षता में आयोजित विमानपत्तन पर्यावरण प्रबंधन समिति की बैठक में एयरपोर्ट के आसपास बढ़ रहे सुरक्षा जोखिमों की विस्तृत समीक्षा की गयी थी.

अभियान चला कर कचरा प्रबंधन की होगी नियमित जांच

बैठक में बिरसा चौक की ओर स्थित ऊंची इमारतों और अन्य संरचनाओं पर विशेष चर्चा हुई. निर्धारित मानकों से अधिक ऊंचे भवनों पर लाल चेतावनी लाइट लगाने के निर्देश दिये गये. बैठक में बर्ड हिट की बढ़ती आशंका को भी गंभीरता से लिया गया. अधिकारियों ने एयरपोर्ट के आसपास संचालित अनधिकृत मांस और मछली की दुकानों, बूचड़खानों और खुले में खाद्य अपशिष्ट फेंकने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्णय लिया. हिनू, बिरसा चौक और हवाई नगर क्षेत्र में संचालित फूड वैन, रेस्तरां और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के कचरा प्रबंधन की नियमित जांच भी की जायेगी.

इसे भी पढ़ें: रामगढ़ की चुटूपालु घाटी में बड़ा हादसा टला, ओवरटेक कर रहे ट्रेलर ने दो कार को मारी टक्कर

इसे भी पढ़ें: जनता के हितों के आगे झुक गए अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, 24 घंटे के अंदर खुला गुमला नगर परिषद का ताला



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Priya Gupta

प्रिया गुप्ता पिछले एक वर्ष से प्रभात खबर में जूनियर कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. फिलहाल वह झारखंड से जुड़ी खबरों पर काम करती हैं, जिनमें सरकारी योजनाएं, प्रमुख घटनाएं, सामाजिक मुद्दे और अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं. इससे पहले वह लाइफस्टाइल डेस्क पर फैशन, हेल्थ, रिलेशनशिप, पैरेंटिंग और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर लेख लिख चुकी हैं. प्रिया ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय से स्नातक और अमिटी यूनिवर्सिटी से मास्टर डिग्री हासिल की है.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >