संस्था की जमीन बिक्री पर रोक लगाने के मुद्दे पर काम करने का लिया निर्णय
प्रतिनिधि, डकरा
मैक्लुस्कीगंज के जोभिया गांव स्थित विश्व विख्यात स्वयंसेवी संस्था जागृति विहार को बचाने के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया जायेगा. जमीन बेचने और खरीदने वालों को बेनकाब कर इस पर रोक लगाने के लिए जो भी करना होगा वह किया जायेगा. यह निर्णय जागृति विहार के शुभचिंतक और समान विचारधारा से जुड़े लोगों ने प्रभात खबर को बताया. वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजन सिंह राजा, भूमि व राजस्व विभाग के खलारी विधायक प्रतिनिधि तनवीर आलम, बिरसा विस्थापित मंच के रवींद्रनाथ चौधरी, बहुरा मुंडा, राजद नेता इस्माइल अंसारी, झामुमो के कमलेश प्रसाद सहित कई स्वयंसेवी संस्थाओं के लोगों ने बैठक कर संस्थापक प्रो एसएन उपाध्याय की प्रतिमा स्थापित करने और जमीन बिक्री पर पूरी तरह रोक लगाने के मुद्दे पर काम करने का निर्णय लिया. लोगों ने कहा कि प्रभात खबर ने इस मामले का उजागर कर आम जनमानस को यह विचार करने पर विवश कर दिया है कि उन्हें अपने पूर्वजों से प्राप्त धरोहर को बचाकर रखना है या भू-माफिया के हाथों बिकते हुए देखकर तमाशबीन बने रहना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
