5.85 करोड़ पर्यटकों वाला झारखंड बनेगा 'इन्वेस्टमेंट हब', सिंगापुर और FICCI के साथ हुए मेगा एग्रीमेंट

रांची में आयोजित 'राष्ट्रीय हितधारक परामर्श 2026' में डेस्टिनेशन झारखंड ने निवेशकों का ध्यान खींचा. 5.85 करोड़ पर्यटकों के आगमन के साथ, राज्य पर्यटन, रिन्यूएबल एनर्जी और कौशल विकास में एक नया निवेश हब बनने की ओर अग्रसर है.

रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट

National Stakeholders Consultation 2026, रांची : नई दिल्ली के प्रतिष्ठित होटल ताज पैलेस में आयोजित दो दिवसीय 'राष्ट्रीय हितधारक परामर्श 2026' (National Stakeholders Consultation) के दौरान 'डेस्टिनेशन झारखंड' ने देश-विदेश के निवेशकों और नीति-निर्माताओं का ध्यान अपनी ओर खींचा. "पर्यटन निवेश एवं समावेशी विकास को गति" विषय पर आयोजित विशेष सत्र में पर्यटन विशेषज्ञों, उद्योग जगत के दिग्गजों और विकास साझेदारों ने शिरकत की. इस महामंथन में झारखंड को देश के अग्रणी पर्यटन और निवेश गंतव्य (Investment Destination) के रूप में स्थापित करने का एक ठोस और दूरदर्शी रोडमैप तैयार किया गया.

सालभर में रिकॉर्ड 5.85 करोड़ पर्यटकों ने दी दस्तक

कंसल्टेशन के दौरान चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए, जो बताते हैं कि झारखंड अब सिर्फ एक खनिज संपन्न राज्य नहीं, बल्कि एक पर्यटन राज्य भी बन चुका है. अकेले वर्ष 2024 में झारखंड में रिकॉर्ड 5.85 करोड़ पर्यटकों का आगमन हुआ, जिसमें 4.40 करोड़ श्रद्धालु शामिल थे. सरकार द्वारा पर्यटन को उद्योग (इंडस्ट्री) का दर्जा देने से अब इस क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों को व्यापार बढ़ाने और बैंकों से आसानी से लोन मिलने का रास्ता साफ हो गया है. अब धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ इको-टूरिज्म, एडवेंचर स्पोर्ट्स, माइनिंग टूरिज्म, वाटर स्पोर्ट्स और कम्युनिटी बेस्ड ट्राइबल टूरिज्म को भी बड़े पैमाने पर प्रमोट किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में बिल्डर के घर में कैसे हुई लाखों की चोरी? एफआईआर में खुलासा

क्या कहते हैं मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू

सिंगापुर मॉडल से संवरेगा झारखंड

कंसल्टेशन के इतर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ भारत में सिंगापुर के उच्चायुक्त साइमन वोंग वी कुएन के नेतृत्व में आए एक हाई-लेवल प्रतिनिधिमंडल ने द्विपक्षीय वार्ता की. इस बैठक में झारखंड के युवाओं के लिए बड़े फैसलों पर मुहर लगा. इसके तहत सिंगापुर के सफल व्यावसायिक प्रशिक्षण मॉडल की तर्ज पर झारखंड में एक विश्वस्तरीय कौशल केंद्र (World-Class Skill Center) और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना होगी. साथ ही चिकित्सा शिक्षा, रिसर्च और अस्पताल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए सिंगापुर के प्रतिष्ठित स्वास्थ्य संस्थानों के साथ साझेदारी की जाएगी. इसके अलावा राज्य के उद्योगों और कार्यबल की जरूरतों के हिसाब से प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान कर क्षमता निर्माण का एक टारगेटेड रोडमैप तैयार होगा.

रांची में बनेगा इंटरनेशनल गोल्फ कोर्स

उद्योग संस्था फिक्की (FICCI) ने झारखंड को डेस्टिनेशन वेडिंग, प्रकृति पर्यटन और एमआईसीई (MICE) टूरिज्म का हब बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए. फिक्की टूरिज्म फेडरेशन ने रांची में अंतरराष्ट्रीय मानकों वाला गोल्फ कोर्स और गोल्फ पर्यटन केंद्र विकसित करने का एक शानदार प्रस्ताव रखा. मुख्यमंत्री ने इस पर तुरंत सकारात्मक रुख अपनाते हुए परियोजना के लिए उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई और कहा कि इससे राज्य में 'स्पोर्ट्स टूरिज्म' को एक नई ऊंचाई मिलेगी.

सीआईआई करेगा रिन्यूएबल एनर्जी में भारी निवेश

ग्रीन एनर्जी सेक्टर में भी झारखंड को बड़ी कामयाबी मिलने जा रही है. भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) ने राज्य में सौर एवं पवन ऊर्जा (Solar & Wind Energy), स्मार्ट मीटरिंग, ग्रिड आधुनिकीकरण, सोलर सेल व मॉड्यूल निर्माण और डिजिटल ऊर्जा प्रबंधन के क्षेत्र में निवेश करने का प्रस्ताव दिया है. इससे आने वाले दिनों में झारखंड बिजली ग्रिड के आधुनिकीकरण और स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा.

ये भी पढ़ें: राम मंदिर मामले में मंत्री इरफान अंसारी का बीजेपी पर हमला, बोले- कथित घोटाले की हो जांच


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >