नाले से मिला लापता 18 महीने की बच्ची का शव का टुकड़ा, परिवार में मचा कोहराम

Ranchi News: रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता 18 महीने की बच्ची अदिति पांडेय का शव नाले से बरामद हुआ. घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मामले की जांच में जुटी है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी बच्ची की तलाश को लेकर निर्देश दिए थे. इससे जुड़ी खबर नीचे पढ़ें.

रांची से प्रणव सिंह की रिपोर्ट

Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र से लापता हुई 18 महीने की बच्ची अदिति पांडेय का शव का एक टुकड़ा नाले से बरामद किया गया है. बताया जा रहा है कि खेलगांव स्टेडियम के सामने स्थित गाड़ी गांव के नाले से बच्ची के शव का एक टुकड़ा मिला है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस बात की पुष्टि नहीं की है. शव का टुकड़ा मिलने के बाद पुलिस के अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई है. इसके साथ, बच्ची के पिता को भी मौके पर बुलाया गया है. वहीं, नाले से बच्ची के शव का टुकड़ा मिलने की खबर जैसे ही परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना ने राजधानी रांची में बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

रविवार से लापता थी अदिति पांडेय

जानकारी के अनुसार, रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया के समीप खोरहा टोली निवासी अदिति पांडेय रविवार से लापता थी. बच्ची अचानक घर के पास से गायब हो गई थी, जिसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की. लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिला. बाद में सदर थाना में इसकी शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस ने मामला दर्ज करते ही बच्ची की तलाश शुरू कर दी थी.

घटना के बाद से इलाके में दहशत

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था. स्थानीय लोग भी बच्ची की तलाश में जुट गए थे. सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्ची की तस्वीर और जानकारी तेजी से साझा की जा रही थी ताकि जल्द से जल्द उसका पता लगाया जा सके.

मुख्यमंत्री ने दिए थे सख्त निर्देश

मामले की गंभीरता को देखते हुए झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी पुलिस अधिकारियों को बच्ची को हर हाल में खोज निकालने का निर्देश दिया था. सरकार की ओर से बच्ची को खोजने या उसके बारे में सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई थी. मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस प्रशासन ने मामले को प्राथमिकता देते हुए बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया. इलाके में लगातार छापेमारी और खोज अभियान चलाया जा रहा था.

एनडीआरएफ और पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन

पुलिस के साथ-साथ एनडीआरएफ की टीम भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी. आसपास के इलाकों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया. इसी दौरान खेलगांव स्टेडियम के सामने गाड़ी गांव के पास स्थित नाले से बच्ची के शव का अवशेष बरामद हुआ. शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बच्ची बारिश के दौरान नाले में बह गई थी या फिर घटना के पीछे कोई और कारण है.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में कब्रिस्तानों की होगी घेराबंदी, सौंदर्यीकरण पर 10 करोड़ खर्च

कई एंगल से जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है. इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दुख का माहौल है. स्थानीय लोग प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग कर रहे हैं.

इसे भी पढ़ें: रजरप्पा डकैती कांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी, जमीन में छिपाए गए जेवरात बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >