पिपरवार पुलिस ने दिल्ली से भागी नाबालिग को परिजनों को सौंपा

इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने के लिए भागी थी नाबालिग

प्रतिनिधि, पिपरवार. घर से भागी दिल्ली की एक 17 वर्षीय नाबालिग को पिपरवार पुलिस ने गुरुवार रात उसके परिजनों को सौंप दिया. जानकारी के अनुसार नाबालिग को इंस्टाग्राम पर किसी से दोस्ती हुई थी. उसे हजारीबाग जाना था. लेकिन वह बुधवार शाम भटक कर राय स्टेशन पहुंच गयी. लड़की को घबराये हालत में देख एक सज्जन ने इसकी सूचना सांसद प्रतिनिधि रवींद्र कुमार सिंह को दी. इसके बाद उसे पिपरवार पुलिस के संरक्षण में बचरा के उसी सज्जन के यहां रखवा दिया गया. बाद में नाबालिग से फोन नंबर लेकर उसके पिता को इसकी सूचना दी गयी. परिजन दो दिनों से लड़की को घर में नहीं पाकर परेशान थे. इस संबंध में उन्होंने संबंधित थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी भी दर्ज करायी थी. सूचना मिलने पर नाबालिग के पिता व उसके मामा आनन-फानन में फ्लाइट से रांची पहुंचे और गुरुवार रात पिपरवार थाना पहुंचे. थाना प्रभारी ने आवश्यक कार्रवाई के बाद भाजपा नेत्री रीना देवी व सांसद प्रतिनिधि व अन्य लोगों की उपस्थिति में नाबालिग को उसके परिजनों को सौंप दिया. नाबालिग का दोस्त कौन है, यह उजागर नहीं हो सका है. उक्त घटना कोयलांचल में चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया के इस दौर में उक्त घटना सभी अभिभावकों के लिए एक सीख है. हमें अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए इंस्टाग्राम दोस्त से मिलने के लिए भागी थी नाबालिग

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By JITENDRA RANA

JITENDRA RANA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >