खलारी थाना क्षेत्र के डकरा एक नंबर कांटाघर के पास उग्रवादी संगठन टीएसपीसी ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी.
By DINESH PANDEY | Updated at :
प्रतिनिधि, खलारी/डकरा.
खलारी थाना क्षेत्र के डकरा एक नंबर कांटाघर के पास उग्रवादी संगठन टीएसपीसी ने हवाई फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह 8.45 बजे दो मोटरसाइकिल में पांच अपराधियों ने कांटा घर के निकट फायरिंग की. उन्होंने घटना की जिम्मेवारी लेते हुए उत्तरी-दक्षिणी छाेटानागपुर सीमांत सबजोनल कमेटी टीएसपीसी के सुदर्शन जी के नाम मुख्य सड़क पर एक पर्चा फेंक कर चले गये. गोली चलने के बाद कांटा घर के निकट अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सभी लोग इधर-उधर भागने लगे. फायरिंग के बाद कोयला व्यवसायियों में दहशत का माहौल है. वहीं ट्रकों में कोयला लोडिंग का काम बंद हो गया. गोली चलने की घटना की सूचना पाकर खलारी डीएसपी आरएन चौधरी, थाना प्रभारी जययदीप टोप्पो, सीआइएसएफ के डिप्टी कमांडेंट दिनेश कुमार, इंस्पेक्टर विजय कुमार सांगा सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे और जायजा लिया. पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा व टीएसपीसी का पर्चा बरामद किया है.
50 मीटर की दूरी पर थे सीआइएसएफ के जवान :
डकरा कांटा घर के समीप गोली चलनेवाले स्थल से मात्र 50 मीटर की दूरी पर सीआइएसएफ के बंदूकधारी जवान तैनात थे. वहां कोयला कारोबार से जुड़े काफी संख्या में लोग भी मौजूद थे. बावजूद उग्रवादी गोली चलाकर आराम से चले गये. लोग दबी जुबान से चर्चा करने लगे कि बंदूकधारी सीआइएसएफ के जवान के रहते उग्रवादी फायरिंग किये और जवान मूक बने रहे.
पुलिस के गिरफ्त में जल्द होंगे उग्रवादी : डीएसपी
फायरिंग के बाद खलारी डीएसपी आरएन चौधरी के नेतृत्व में बनी टीम ने उग्रवादियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छाऐमारी कर रही है. डीएसपी ने क्षेत्र के कोयला कारोबारियों से कहा कि निर्भिक होकर अपना काम करें. पुलिस उन्हें सुरक्षा मुहैया करायेगी. अपराधियों की पहचान के लिए कांटा घर में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. साथ ही कहा कि कांड में संलिप्त उग्रवादी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे. डीएसपी ने आम जनता व कोयला व्यवसायियों से कही कुछ जानकारी पता चले तो तुरंत पुलिस को देने की अपील की.
एएसएसआइ ने करायी प्राथमिकी :
घटना को लेकर एएसआइ अशोक कुमार सिंह ने खलारी थाना में कांड संख्या 10/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज करायी. साथ ही बताया कि पर्ची में उत्तरी दक्षिणी छाेटानागपुर सीमांत सबजोनल कमेटी टीएसपीसी के सुदर्शन जी ने घटना की जिम्मेवारी लेते हुए एनके एरिया व पिपारवार में काम करने वाले लिफ्टर, डीओ होल्डर, डंप कमेटी, ठेकेदार तथा ईंट भट्ठा के मालिकों तथा उनके परिवार वालों को संगठन से बिना बात किये काम नहीं करने को कहा है. अन्यथा उनपर कार्रवाई की धमकी दी है.
कोयला व्यवसायियों में दहशत
06 खलारी01:-घटना के बाद डकरा कांटाघर के निकट भीड़.
06 खलारी02:-घटना की जानकारी लेते डीएसपी, इंस्पेक्टर व सीआइएसएफ के अफसर.