रांची. प्रांतीय मारवाड़ी सम्मेलन की ओर से धनबाद में पुनर्मतदान कराया जायेगा. यहां हुए चुनाव में कई गड़बड़ी की शिकायत मिली थी. जिसके बाद यह निर्णय लिया गया. प्रांतीय अध्यक्ष पद के प्रत्याशी बसंत कुमार मित्तल ने इस संदर्भ में शिकायत दर्ज करायी थी. जिसके बाद चुनाव समिति ने धनबाद में हुए मतदान के सभी तथ्यों की जांच की. जांच में मृत सदस्यों के नाम से वोट, कुछ सदस्य द्वारा दोबारा मतदान, कुछ सदस्य जो धनबाद में नहीं थे उनके नाम पर मतदान व कुछ सदस्यों के नाम पर मतदान जो मतदान केंद्र नहीं गये थे, का पता चला. जिसके बाद पुन: मतदान कराने का निर्णय लिया गया. मुख्य चुनाव पदाधिकारी विनय सरावगी ने कहा कि मतदान की तिथि की शीघ्र घोषणा की जायेगी. चुनाव समिति की अोर से धनबाद के पीठासीन पदाधिकारी केदार नाथ मित्तल को पत्र भेज दिया गया है. यह पत्र मुख्य चुनाव पदाधिकारी श्री सरावगी के अलावा चुनाव पदाधिकारी राज कुमार मारू, प्रदीप कुमार बाकलीवाल, अशोक पुरोहित के हस्ताक्षर से जारी हुआ है. इसकी प्रतिलिपि दोनों प्रत्याशी को भेज दी गयी है. उन्होंने कहा कि दुमका अौर सरायकेला के संदर्भ में प्रत्याशी सुरेश अग्रवाल द्वारा की गयी शिकायत वापस ले ली गयी है. प्राप्त जानकारी के अनुसार धनबाद में 27 अप्रैल को पुनर्मतदान हो सकता है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
