Ranchi news : ठेका श्रमिकों को आवंटित क्वार्टर वापस नहीं ले रहा प्रबंधन

एचइसी : एक वर्ष तक कांट्रैक्ट रिन्यूअल नहीं होने के कारण मामला लटका, मार्केट रेट के अनुसार वसूली करने पर विचार कर रहा है प्रबंधन

रांची. गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे एचइसी के कर्मियों के 30 माह का वेतन बकाया हो गया है. वेतन के अभाव में दर्जनों ठेका मजदूर नौकरी छोड़कर दूसरी जगह काम कर रहे हैं. वहीं वैसे ठेका श्रमिक जो अपने नाम से आवंटित क्वार्टर एचइसी को लौटाना चाहते हैं, लेकिन एचइसी का नगर प्रशासन विभाग क्वार्टर वापस नहीं ले रहा है. कर्मियों का कहना है कि जहां वर्षों काम किया वहां आज स्थिति यह है कि कोई उनकी सुनने वाला नहीं है. ठेका श्रमिक बार-बार चक्कर लगाकर लौट रहे हैं. वहीं नगर प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि एक वर्ष तक उनके कांट्रैक्ट का रिन्यूअल नहीं हुआ था. उस अवधि का किराया प्रबंधन मार्केट रेट के अनुसार वसूली करने पर विचार कर रहा है. वहीं ठेका श्रमिकों ने इसका विरोध किया है. हटिया कामगार यूनियन के उपाध्यक्ष लालदेव सिंह ने कहा कि कांट्रैक्ट रिन्यूअल नहीं करने का दोषी प्रबंधन है. ठेका मजदूरों को प्रबंधन की तरफ से कहा गया था कि काम करते रहे, बाद में कांट्रैक्ट पिछली तारीख से ही रिन्यूअल हो जायेगा. लेकिन प्रबंधन अब अपनी बात से पीछे हट रहा है. काम कराने के बाद प्रबंधन अब वर्तमान तिथि से कांट्रैक्ट करना चाहता है. उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि पूरा वेतन का भुगतान करे और क्वार्टरों का किराया भी सामान्य दर से ही वसूला जाये. श्री सिंह ने कहा कि प्रबंधन ने पूर्व में श्रमिक संघों से वार्ता के दौरान कहा था कि वेतन भुगतान में विलंब होने के कारण कर्मियों के बच्चों की स्कूल फीस प्रबंधन से बात कर कम करायेंगे. जो अभी तक धरातल पर नहीं उतरा है. जबकि अब बच्चों की परीक्षा चल रही है और इसी माह के अंत तक बच्चे नयी कक्षा में जायेंगे. इसलिए प्रबंधन स्कूल फीस पर भी जल्द निर्णय ले.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >