Jharkhand News: अधिवक्ता राजीव कुमार पर तीन और केस दर्ज, CID ने शुरू की जांच, जानें क्या क्या हैं आरोप

राजीव कुमार सहित अन्य के खिलाफ ठाकुरगांव थाना में दर्ज तीन अलग-अलग केस को सीआइडी ने टेकओवर कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. गौरतलब है कि उन्हें कुछ माह पहले कोलकाता कैश कांड में गिरफ्तार किया गया था.

रांची पुलिस की अनुशंसा पर अधिवक्ता राजीव कुमार सहित अन्य के खिलाफ ठाकुरगांव थाना में दर्ज तीन अलग-अलग केस को सीआइडी ने टेकओवर कर अनुसंधान शुरू कर दिया है. गौरतलब है कि उन्हें कुछ माह पहले कोलकाता कैश कांड में गिरफ्तार किया गया था. सीआइडी मुख्यालय के स्तर से केस के अनुसंधान के लिए डीएसपी रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में टीम बनायी गयी है. इससे पहले तीनों केस का अनुसंधान खलारी डीएसपी अनिमेष नैथानी कर रहे थे.

गौरतलब है कि बुढ़मू निवासी भुवनेश्वर साहु ने ठाकुरगांव थाना में बीते 24 सितंबर, 26 सितंबर और 27 सितंबर को अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज करायी थी. तीनों ही मामले फर्जी कागजात बना कर आदिवासी जमीन हड़पने का आरोप लगाया गया है. सभी में अधिवक्ता राजीव कुमार और उनकी पत्नी शर्मिला सिंह को आरोपी बनाया गया है.

पहले मामले में राजीव कुमार पर जाली कागजात बनाकर खाता संख्या 21 स्थित आदिवासी खतियान की भूमि में से 1.5 एकड़ भूमि अपनी पत्नी के नाम पर रजिस्ट्री कराने का आरोप है. दूसरे मामले में राजीव कुमार पर जाली कागजात बनाकर खाता संख्या 19 स्थित आदिवासी भूमि से 16.6 डिसमिल और 13.94 डिसमिल जमीन अपनी पत्नी के नाम से रजिस्ट्री कराने का आरोप है.

वहीं, तीसरे मामले में आरोप लगाया गया है कि राजीव कुमार ने जाली कागजात बनाकर बुढ़मू प्रखंड स्थित खाता संख्या-02 स्थित आदिवासी जमीन को अपनी पत्नी के नाम पर रजिस्ट्री कर हड़प लिया है. तीनों केस एससी-एसटी एक्ट, ठगी और जाली कागजात बनाने की धारा में दर्ज किये गये हैं. इससे पहले राजीव कुमार सहित अन्य लोगों के खिलाफ दीपक कच्छप की शिकायत पर 16 अगस्त 2022 को एससी- एसटी थाना में केस दर्ज हुआ था. इस केस का अनुसंधान भी सीआइडी पहले से ही कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer oraon

इंटरनेशनल स्कूल ऑफ बिजनेस एंड मीडिया से बीबीए मीडिया में ग्रेजुएट होने के बाद साल 2019 में भारतीय जनसंचार संस्थान दिल्ली से हिंदी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा किया. 5 साल से अधिक समय से प्रभात खबर में डिजिटल पत्रकार के रूप में कार्यरत हूं. इससे पहले डेली हंट में बतौर प्रूफ रीडर एसोसिएट के रूप में काम किया. झारखंड के सभी समसामयिक मुद्दे खासकर राजनीति, लाइफ स्टाइल, हेल्थ से जुड़े विषयों पर लिखने और पढ़ने में गहरी रुचि है. तीन साल से अधिक समय से झारखंड डेस्क पर काम कर रहा हूं. फिर लंबे समय तक लाइफ स्टाइल के क्षेत्र में भी काम किया हूं. इसके अलावा स्पोर्ट्स में भी गहरी रुचि है.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >