करम गीतों पर थिरकी करमटोली, प्रदर्शनी में दिखी गांव की झलक

करम करम कहा ले रे आयो...करम कर दिना आय गेल... जैसे गीतों के बीच छोटानागपुर ब्लू क्लब, करमटोली चौक में उत्साह, उमंग और विधि-विधान के साथ करम पर्व मनाया गया.

By PRAVEEN | September 4, 2025 12:58 AM

रांची. करम करम कहा ले रे आयो…करम कर दिना आय गेल… जैसे गीतों के बीच छोटानागपुर ब्लू क्लब, करमटोली चौक में उत्साह, उमंग और विधि-विधान के साथ करम पर्व मनाया गया. शाम सात बजे के आसपास क्लब के लोग अजय खलखो की अगुवाई में करम डाल लाने गये. पहला करम डाल पेड़ को चढ़ाया गया, दूसरा देवी मंडप को और तीसरा करमटोली तालाब को चढ़ाया गया. इसके बाद पारंपरिक नृत्य और गीतों के साथ करम डाल को मुख्य पूजा स्थल पर लाया गया. कुवा पहान के साथ सहायक पहान सुनील खलखो और गौतम उरांव ने करम डाल को स्थान दिया. रात नौ बजे के आसपास अजय खलखो और सुनील टोप्पो द्वारा करम कथा की शुरुआत की गयी. इसमें कर्मा-धरमा की कथा सुनायी गयी. कथा समाप्ति के बाद प्रसाद वितरण हुआ. इसके बाद उपासक बहनों ने पारंपरिक नृत्य किया. मौके पर मुख्य संरक्षक डॉ रवींद्र भगत, अध्यक्ष चंदन वरण खलखो, उपाध्यक्ष प्रकाश किंडो, अनूप लकड़ा, जेवियर कच्छप, राजेश खलखो, महासचिव आलोक लकड़ा आदि उपस्थित रहे. देर रात तक नृत्य और गीतों का दौर चलता रहा. करमटोली चौक पर प्रदर्शनी भी लगायी गयी, जिसमें झारखंड के गांवों की झलक दिखाई दी. यहां गांव में इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक सामानों को भी रखा गया, जो खास आकर्षण का केंद्र रहा. करम पूजा स्थल को फूलों और पत्तों से सजाया गया. खास लाइटिंग भी की गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है