पिठोरिया से सुजीत कुमार केशरी की रिपोर्ट
Ranchi News: झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने नई कमिटी के गठन के बाद संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से क्षेत्रीय दौरे की शुरुआत की. इसी क्रम में वे रांची जिला अंतर्गत पिठोरिया पहुंचे, जहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार और गर्मजोशी भरा स्वागत किया. स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ती नजर आई.
कार्यकर्ताओं को दिया संगठन मजबूत करने का मंत्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की पार्टी है, और इसी मजबूती के दम पर पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में गरीब कल्याण की योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है, जिससे समाज के अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचा है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सरकार की योजनाओं को हर घर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएं.
विकास कार्यों को बताया भाजपा सरकार की देन
अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष ने पिठोरिया से बुढ़मू मुख्य पथ सहित क्षेत्र में हुए सड़क निर्माण कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि ये सभी विकास कार्य भाजपा सरकार की देन हैं. उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ आम जनता को मिल रहा है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार आया है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इन उपलब्धियों को जनता के बीच लेकर जाएं.
विपक्ष पर साधा निशाना
आदित्य साहू ने विपक्षी दलों पर भी जमकर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष केवल भ्रष्टाचार और जनता को गुमराह करने की राजनीति करता है. उन्होंने कहा कि भाजपा पारदर्शिता और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है, जबकि विपक्ष विकास कार्यों में बाधा डालने का काम करता है. इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं को विपक्ष के आरोपों का मजबूती से जवाब देने की भी सलाह दी.
इसे भी पढ़ें: आखिरी सांस लेने से पहले माओवादी नेता किशन दा का आखिरी खत, मिसिर बेसरा को भेजा था संदेश
आगामी रणनीति और संगठन विस्तार पर चर्चा
दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती और आगामी कार्ययोजनाओं पर चर्चा की. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी को और अधिक मजबूत करने के लिए बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करना जरूरी है. इस अवसर पर रांची जिला पश्चिमी अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, अमरनाथ चौधरी, कमलेश राम, पिठोरिया मंडल अध्यक्ष विकास कुमार मुंडा, अभिषेक कुमार, महामंत्री श्रवण गोप, उपाध्यक्ष अनूप कुमार, मंत्री दीपक दास, अनिल केसरी, सुखदेव साहू समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: एक पति-दो पत्नियां और सड़क पर महासंग्राम, पहली ने दूसरी बीवी को किया लहूलुहान
