रांची. महापर्व करम के अवसर पर लोहरदगा विधायक सह पूर्व मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉ राजेश गुप्ता ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. कांग्रेस नेताओं ने लोगों से अपनी लोक-संस्कृति और परंपराओं को सहेजने का संकल्प लेने की अपील की.
बरियातू स्थित अपने आवास पर परिवार और कांग्रेस नेताओं के साथ करम राजा की पूजा-अर्चना करने के बाद डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि करम पर्व झारखंड की समृद्ध आदिवासी और लोक-संस्कृति की पहचान है. प्रकृति की आराधना और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते से जुड़ा यह पर्व समाज में सुख, समृद्धि और आपसी सद्भाव का संदेश देता है.
आलोक कुमार दुबे ने कहा कि मांदर की थाप और करम गीतों में झारखंड की लोक-संस्कृति की वास्तविक मिठास झलकती है. जावा की हरियाली प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक जीवनशैली से जुड़ने की प्रेरणा देती है.
लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि आधुनिकता के दौर में भी परंपराओं की मूल भावना को जीवित रखते हुए नई पीढ़ी को सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना जरूरी है. वहीं डॉ राजेश गुप्ता ने कहा कि करम पर्व प्रकृति और मानव जीवन के गहरे संबंध के साथ सामाजिक एकजुटता का भी प्रतीक है.
