रक्षा शक्ति विवि में मिलेगा झारखंडी खाने का स्वाद, पलाश दीदी कैफे शुरू

झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में अब पलाश दीदी कैफे की शुरुआत हो गई है. यहां लोग राज्य के पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे. यह पहल ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

रांची से मनोज सिंह की रिपोर्ट

रांची: झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में अब लोग पलाश दीदी कैफे के माध्यम से राज्य के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे. शुक्रवार से कैफे की शुरुआत हो गयी. ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इसका उद्घाटन किया और वहां के पकवानों का स्वाद भी चखा.

महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश दीदी कैफे केवल झारखंड के स्वादिष्ट और पौष्टिक व्यंजनों का केंद्र नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के श्रम, हुनर, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. ग्रामीण महिलाओं को उनके हुनर के अनुरूप प्रशिक्षण देने के बाद ऋण एवं वित्तीय सहायता उपलब्ध करायी जा रही है. अब उनके उत्पादों और सेवाओं को बाजार से जोड़कर स्वरोजगार के स्थायी अवसर तैयार किये जा रहे हैं.

उन्होंने कहा कि पलाश के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय और पारंपरिक उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के साथ बेहतर पहचान और उचित मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है.

मंत्री ने कहा कि सरकारी आयोजनों और विभिन्न संस्थानों में पलाश से जुड़ी दीदियों द्वारा तैयार उत्पादों और खाद्य सामग्री को प्राथमिकता मिले, इसके लिए झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी के माध्यम से लगातार प्रयास किये जा रहे हैं. सरकार का लक्ष्य पूरे राज्य में पलाश दीदी कैफे का विस्तार करना है, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें.

छह माह में शुरू होगा राज्य का पहला पलाश मार्ट

दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि पलाश दीदी कैफे इस अभियान के विस्तार की मजबूत कड़ी है. इसके माध्यम से लोगों को झारखंड के पारंपरिक स्वाद से जुड़ने का अवसर मिलेगा, वहीं ग्रामीण महिलाओं के हुनर और उत्पादों को नए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए मंच भी मिलेगा.

उन्होंने कहा कि पलाश के विस्तार के अगले चरण में पलाश मार्ट की शुरुआत की जाएगी. रांची में राज्य के पहले पलाश मार्ट का उद्घाटन अगले छह माह के भीतर करने का लक्ष्य है. उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा जैविक उद्यान में भी जल्द पलाश दीदी कैफे शुरू किया जाएगा. इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की दीदियों द्वारा तैयार विभिन्न स्थानीय उत्पादों को व्यापक और संगठित बाजार उपलब्ध कराया जाएगा.

मौके पर जेएसएलपीएस के सीइओ अनन्य मित्तल, आइएएस अधिकारी अंजलि यादव सहित जेएसएलपीएस के अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >