रांची. ग्रामीण कार्य विभाग को ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए अभी और 5000 करोड़ रुपये चाहिए. इस राशि से चालू वित्तीय वर्ष में काम भी हो सकेगा और देनदारियों का भुगतान भी हो सकेगा. इसके लिए विभाग बजट के अतिरिक्त अनुपूरक बजट से 5000 करोड़ रुपये की मांग करेगा. चालू वित्तीय वर्ष में विभाग का बजट 4500 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया था. इस राशि से सड़क व पुल दोनों का निर्माण होना है, लेकिन सड़कों की मरम्मत के मद में पहले से ही विभाग के ऊपर लायबिलिटी है, जो बाद में बढ़ गयी है. ऐसे में विभाग ने सारे प्रमंडलों से रिपोर्ट मंगायी है. इसके बाद 5000 करोड़ की जरूरत का आकलन किया गया है. इंजीनियरों का कहना कि अगर यह राशि नहीं मिली, तो विभाग के ऊपर और देनदारी हो जायेगी. इसके बाद काम कराना मुश्किल हो जायेगा. अब तक जो बजट है, उसकी राशि सारे प्रमंडलों को दे दी गयी है. ऐसे में विभाग के पास अब पैसे नहीं हैं. प्रमंडलों को योजनाओं के लिए भुगतान करना है. बरसात के बाद भुगतान शुरू किया जायेगा. साथ ही काम भी तेज किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
