मिनटों में दूर होगा बिजली फॉल्ट, JBVNL बनाएगा 24x7 स्पेशल गैंग, खराब होते ही बदलेगा ट्रांसफार्मर

Jharkhand Power Supply: झारखंड ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी के. श्रीनिवासन ने बिजली फॉल्ट के त्वरित निवारण के लिए सभी प्रमंडलों में 24x7 स्पेशल गैंग गठित करने और ट्रांसफार्मर का पर्याप्त स्टॉक रखने का निर्देश दिया है. अब कोई भी खराबी आने पर तुरंत बदलेगा.

रांची से सुनील चौधरी की रिपोर्ट

Jharkhand Power Supply, रांची : झारखंड ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी के श्रीनिवासन ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए फॉल्ट के त्वरित निवारण और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये हैं. समीक्षा के दौरान सीएमडी ने कहा कि बिजली आपूर्ति के दौरान होने वाले फॉल्ट का तेजी से निपटारा करने के लिए राज्य के सभी विद्युत आपूर्ति प्रमंडलों में एक विशेष गैंग का गठन किया जायेगा. इस गैंग में एक कुशल श्रमिक और दो अकुशल श्रमिक शामिल रहेंगे. साथ ही एक गाड़ी भी दी जायेगी. यह स्पेशल गैंग 24 घंटे सातों दिन कार्य करेगा और कहीं भी फॉल्ट होने पर तत्काल संबंधित स्थल पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में सहयोग करेगा. इससे फॉल्ट का त्वरित निवारण हो सकेगा और उपभोक्ताओं को कम समय तक बिजली बाधित रहने की समस्या का सामना करना पड़ेगा. बैठक की जानकारी सभी प्रमंडल में जेबीवीएनएल के निदेशक प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने भेज दिया है.

पोल-ट्रांसफारमर की नहीं होगी कमी

बैठक में यह भी बताया गया कि कई बार पोल नहीं होने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में कठिनाई आती है. इसे देखते हुए झारखंड बिजली वितरण निगम के सभी प्रमंडलों में पर्याप्त संख्या में पोल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तुरंत पोल लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल की जा सके. समीक्षा के दौरान ट्रांसफारमर की उपलब्धता पर भी विशेष चर्चा हुई. अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि सभी प्रमंडलों में 25 केवीए, 63 केवीए, 100 केवीए और 200 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मरों का पर्याप्त स्टॉक रखा जाये. इससे ट्रांसफार्मर खराब होने की स्थिति में बिना विलंब बिजली आपूर्ति बहाल की जा सकेगी.सीएमडी ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को ट्रांसफार्मर की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण ट्रांसफार्मरों के उपयोग और उनकी सतत मॉनिटरिंग से खराबी की घटनाओं में कमी आयेगी.

Also Read: फंड के अभाव में राज्यभर में 1.15 लाख अबुआ आवास का काम रुका, 994 करोड़ की जरूरत

नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग करने का निर्देश

बैठक में निदेशक (डीएंडपी) को भी ट्रांसफार्मर की स्थिति की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. इसके लिए फील्ड स्तर पर संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने और त्वरित मरम्मत तंत्र को मजबूत करने की दिशा में लगातार कदम उठाये जा रहे हैं.

Also Read: अब प्रखंडों में बनेगा ड्राइविंग लाइसेंस, परिवहन विभाग लगाएगा विशेष कैंप

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >