Jharkhand Breaking News: सिमडेगा के कोयल नदी में बहने से एक महिला की हुई मैात

Jharkhand Breaking News live Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले...

Live Updates
9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

सिमडेगा के कोयल नदी में बहने से एक महिला की हुई मैात

सिमडेगा : बानो प्रखंड के रोमजोल निवासी मुक्ता मड़की की कोयल नदी में डूबने से मौत हो गयी. रोमजोल निवासी 60 वर्षीय मुक्ता मड़की किसी काम से कोयल नदी गयी थी. इसी क्रम में वह नदी में बह गयी थी. घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों द्वारा रविवार को ढूंढने का प्रयास किया गया, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका. सोमवार को ग्रामीणों ने कोयल नदी में गोरा और हाटिंगहोडे  के बीच एक महिला का शव देखा. ग्रामीणों की मदद से नदी से शव को निकाला गया. घटना की जानकारी बांकी पंचायत की मुखिया को दी गयी. मुखिया ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी. इसके बाद परिवार वालों ने मृतक की पहचान मुक्ता मड़की के रूप में की.परिजनों द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गयी. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

रांची के बुंडू में करम मिलन समारोह में थिरकते महिला-पुरुष

बुंडू : आदिवासी सेवा संस्था ‘ताऊ’, बुंडू की ओर से अनुमंडल स्तरीय करम मिलन समारोह का आयोजन किया गया. इस मौके पर पंच परगना क्षेत्र के पारंपरिक करमा नृत्य दलों की टीम यहां पहुंचकर अपनी कला का प्रदर्शन किये. समारोह में काफी संख्या में महिला-पुरुष गाजे-बाजे के साथ ढोल-नगाड़े के साथ नाचते-गाते झूमते रहे और आनंद उठाएं. इस मौके पर उलगुलान फाउंडेशन के उपाध्यक्ष राम दुर्लभ मुंडा, प्रखंड प्रमुख राजकुमार, जिला परिषद सदस्य परमेश्वरी शांडिल,भवानी देवी, मुखिया सिद्धार्थ मुंडा, सीमा देवी, राजकुमार सिंह मुंडा, दिलेश्वर उरांव, शिवनाथ मुंडा, मुन्ना महतो, पद्मश्री स्वर्गीय राम दयाल मुंडा के सुपुत्र गुंजन लकीर मुंडा, लकीचरण मुंडा, विश्वनाथ महतो, कालीपद मुंडा, कुलपति मुंडा, सुरेंद्र लोहरा आदि शामिल थे.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

जमीन कारोबार को लेकर पूर्वी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में चली गोली

धालभूगढ़ (पूर्वी सिंहभूम) : पूर्वी सिंहभूम जिला अंतर्गत धालभूमगढ़ में जमीन कारोबार को लेकर गोली चलने की खबर है. इस मामले में रांची के दो लोग घायल हुए है. मामला जमीन खरीद-बिक्री से जुड़ा है. गोलीबारी की जानकारी मिलते ही पुलिस जांच में जुट गयी, वहीं दोनों घायलों को घाटशिला से एमजीएम रेफर कर दिया गया.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

गुमला में नाबालिग से दुष्कर्म के दोषी को 10 साल की सजा, 50 हजार का जुर्माना

गुमला (दुर्जय पासवान) : ADJ-1 दुर्गेश चंद्र अवस्थी की कोर्ट ने सोमवार को दुष्कर्म के आरोपी बड़कादोहन बिशुनपुर निवासी अशोक खेरवार को 10 साल की सजा सुनायी है. आरोपी को धारा 376 (2)G के तहत 10 साल की सजा और 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है. जुर्माने की राशि नहीं देने पर दो साल अतिरिक्त सजा भुगतना पड़ सकता है. इसके अलावा आरोपी को दोषी मानते हुए धारा 366-A के तहत 10 साल की सजा और 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है. जुर्माना की राशि नहीं देने पर एक साल अतिरिक्त सजा भुगतना पड़ सकता है. इस मामले में सरकारी पक्ष की ओर से अपर लोक अभियोजक मो जावेद हुसैन ने पैरवी किया. घटना नौ दिसंबर 1995 की है. इस संबंध में पीड़िता के भाई ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराया था. घटना के दिन नाबालिग शौच के लिए घर के बाहर गयी हुई थी. उसी दौरान आरोपी ने उसे बहला कर दूसरे स्थान ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था. दुष्कर्म करने के बाद आरोपी उसे एक भट्ठा ले जाकर काम में लगा दिया था. घटना की जानकारी मिलने के बाद बिशुनपुर पुलिस ने उक्त भट्ठे में छापेमारी कर पीड़िता को बरामद किया था.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

आपसी रंजिश में रांची के एक युवक का हाथ-पैर बांधकर रेलवे ट्रैक पर छोड़ा, कटा पैर

अनगड़ा : रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र स्थित सीताडीह के समीप आपसी रंजिश में एक युवक का हाथ-पैर बांधकर रेलवे ट्रैक पर छोड़ देने से युवक का पैर कट गया. युवक कलाम अंसारी (42 वर्ष) सिकिदिरी थाना क्षेत्र के कुटे गांव का रहने वाला है. घायल युवक द्वारा शोर मचाने के बाद आसपास के ग्रामीण वहां पहुंचे. इस दौरान उधर से गुजर रहे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जैलेंद्र कुमार ने कामेश्वर महतो, बिगेश्वर महतो, जगेश्वर महतो और अन्य ग्रामीणों की मदद से एंबुलेंस से इलाज के लिए रिम्स भेज दिया. घायल कलाम ने बताया की उसे तीन लोग जबरन लेकर वहां पहुंचे थे. रेल की पटरी के पास गमछी से पैर बांधकर वहां छोडकर भाग गये. इस दौरान उसने अपने ही गांव के कुछ व्यक्ति पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है. घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

चक्रधरपुर के इतवारी बाजार के समीप सड़क दुर्घटना में एक मजदूर की मौत

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चक्रधरपुर शहर के इतवारी बाजार के समीप सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल 45 वर्षीय मजदूर विनोद जगदल्ला की मौत हो गयी. इस हादसे में मजदूर का दोनों पैर टूट गया था, जबकि सिर में गहरी चोट लगी थी. बताया गया कि चक्रधरपुर रेलवे क्षेत्र के बारहखोली निवासी विनोद जगदल्ला मजदूरी का काम करके दोपहर को साइकिल से घर लौट रहा था. इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से एक मैक्स पिकअप वाहन तेज रफ्तार से चाईबासा की ओर जा रही थी. इस दौरान इतवारी बाजार के समीप सड़क पार करने के दौरान मैक्स पिकअप ने मजदूर विनोद को धक्का मारकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद झामुमो नेता उदय जयसवाल ने घायल व्यक्ति की प्राथमिक उपचार के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती किया. जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा रेफर कर दिया गया. वहीं, परिजनों ने घायल विनोद को रिम्स लेकर रांची जा रहे थे. इस दौरान खूंटी के आगे विनोद की मौत हो गई.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

रजरप्पा मंदिर के पुजारी रंजीत पंडा का निधन, शोक में डूबा क्षेत्र

रजरप्पा : रामगढ़ जिला अंतर्गत रजरप्पा मंदिर के पुजारी रंजीत पंडा (52 वर्ष) का सोमवार को निधन हो गया. इनके निधन से पंडा परिवार एवं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है. बताया गया कि इनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में सुबह छह बजे इनका निधन हो गया. मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है. वे अपने पीछे पत्नी, दो बच्चे समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गये. इनकी मृत्यु के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इनके पार्थिव शरीर को अस्पताल से पैतृक आवास हेसापोड़ा लाया जाया गया. इनके निधन पर सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, पूर्व पार्षद पवन कुमार शर्मा, अशोक कुमार उपाध्याय, सुरेंद्र कुमार, बजरंग महतो, बबलू सिंह, गौतम सिंह बम, शंकर पोद्दार, शंकर अग्रवाल, रवि सिन्हा, विनोद बिहारी चौधरी, विवेकानंद वर्मा, चंद्रशेखर पटवा, विनय मुन्ना के अलावे अशेष पंडा, शुभाशीष पंडा, अजय पंडा, असीम पंडा, सुबोध पंडा, गुड्डू पंडा, रितेश पंडा, लोकेश पंडा, सुजीत पंडा सहित क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए पुजारी के आत्मा की शांति की प्रार्थना की है.

9:13 PM. 26 Sept 22 9:13 PM. 26 Sept

पश्चिमी सिंहभूम के केरा राज स्टेट के राज पुरोहित सुमंतो नंदा का निधन

बंदगांव (पश्चिम सिंहभूम) : पश्चिमी सिंहभूम स्थित केरा राज स्टेट के राज पुरोहित सुमंतो नंदा (68 वर्ष) का सोमवार को राउरकेला में निधन हो गया. इस दुखद घटना से राज स्टेट में शोक का माहौल है. राज पुरोहित के निधन की घटना के बाद मां भगवती केरा मंदिर में पूजा पाठ बंद कर दी गयी. इसके बाद केरा स्थित उनके पैतृक निवास में उनके पार्थिव शरीर को श्रद्धांजलि देने सैकड़ों की संख्या में लोगों का आगमन होने लगा. केरा स्थित ब्राह्मणी नदी में उनके पार्थिव शरीर  पंचतत्व में विलीन हो गया. बता दें कि तबीयत खराब होने के कारण ओड़िशा के कटक में उनका इलाज चल रहा था. इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें राउरकेला ले जाया गया, जहां उनकी निधन हो गयी.

2:29 PM. 26 Sept 22 2:29 PM. 26 Sept

गैंगरेप मामले में 6 आरोपियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पलामू में महिला से साथ हुए सामुहिक दुष्कर्म मामले में 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. मामला सतबरवा थाना क्षेत्र का है.

12:55 PM. 26 Sept 22 12:55 PM. 26 Sept

सिल्ली स्टेशन के समीप ट्रेन से कट कर व्यक्ति की हुई मौत

सिल्ली स्टेशन के समीप ट्रेन से कट कर एक व्यक्ति की मौत हो गई है. मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकती है. मृतक की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.

12:55 PM. 26 Sept 22 12:55 PM. 26 Sept

जवान की हर्ट अटैक से मौत

चाकुलिया प्रखंड स्थित मटियाबांधी पुलिस पिकेट में तैनात सैप-2 के जवान डोमर सिंह पूर्ति (57 वर्ष) की हर्ट अटैक से मौत हो गया. डोमर सिंह विगत दो वर्षों से मटियाबांधी पुलिस पिकेट में पदस्थापित थे.

11:45 AM. 26 Sept 22 11:45 AM. 26 Sept

पुलिस ने अवैध बालू लदा चार ट्रैक्टर किया जब्त

रांची के रातू थाना क्षेत्र के तिलता बगीचा के पास अवैध रूप से बालू लदा चार ट्रैक्टर डीएसपी प्रवीण कुमार सिंह ने छापेमारी कर जब्त कर लिया. जब्त ट्रैक्टरों को थाने के हवाले कर दिया गया है.

9:13 AM. 26 Sept 22 9:13 AM. 26 Sept

खरसावां में धारदार हथियार से 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या

खरसावां थाना क्षेत्र के बेगनाडीह नाला के पास एक व्यक्ति की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी गई. मृतक राम तांती (50) खरसावां थाना क्षेत्र के बेगनाडीह गांव का रहने वाला था. बताया जाता है कि राम तांती अपने किसी दोस्त के साथ किसी पार्टी में शामिल होने गया हुआ था. सोमवार की सुबह राम तांती की लाश बेगनाडीह नाला के पास मिला. खरसावां पुलिस घटना स्थल पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लिया.

मुख्य बातें

Jharkhand Breaking News live Updates: भारत का 28वां राज्य है झारखंड. इस राज्य की राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, धर्म, अपराध एवं अन्य खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के साथ. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >