Jharkhand Breaking News LIVE: देवघर में इनाम में गाड़ी व टीवी देने का झांसा देकर 17600 रुपये की ठगी

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

Live Updates
4:01 AM. 19 Apr 23 10:31 PM. 18 Apr

देवघर में इनाम में गाड़ी व टीवी देने का झांसा देकर 17600 रुपये की ठगी

देवघर : नगर थाना क्षेत्र के हनुमान टिकरी मुहल्ला निवासी रवि केसरी को अज्ञात नंबर से कॉल आया और उसे इनाम में गाड़ी एवं टीवी मिलने का झांसा दिया गया. अज्ञात मोबाइल धारक ने रवि को झांसे में लेकर पेटीएम द्वारा 17600 रुपये की साइबर ठगी कर ली. इस संबंध में रवि शिकायत देने नगर थाना पहुंचा. नगर थाना की पुलिस ने उसे साइबर थाने में जाकर शिकायत देने को कहा. रवि ने बताया कि अज्ञात मोबाइल धारक ने कॉल कर उससे कहा कि इनाम में उसे 25,3000 रुपये की गाड़ी और टीवी मिला है. इनाम का सामान उसके घर भेजवाया जा रहा है. इसके लिये अज्ञात मोबाइल धारक ने उससे 11,600 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क पेटीएम करने को कहा. उसके झांसे में आकर रवि ने उक्त राशि पेटीएम कर दिया. इसके बाद कहा कि रजिस्ट्रेशन फंस गया, जिसे छुड़ाने के लिये 22,000 रुपये भेजना होगा. मोल-मोलाई करने के बाद रवि से अज्ञात मोबाइल धारक ने फिर 6000 रुपये पेटीएम करा लिया. इसके बाद पुन: उससे 5500 रुपये की मांग की जाने लगी, तो रवि को लगा कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गया है. रवि ने उससे पैसा वापस करने को कहा तो अज्ञात ने कॉल काट दिया और कॉल रिसिव नहीं करने लगा.

4:01 AM. 19 Apr 23 10:31 PM. 18 Apr

रांची के रामपुर क्षेत्र में करीब 1000 किलोग्राम गांजा बरामद

रांची : कस्टम के अधिकारियों ने राजधानी रांची के डाेरंडा क्षेत्र से करीब एक हजार किलोग्राम गांजा बरामद किया है. बाजार में इसकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बतायी जा रही है. इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. बताया गया कि गांजा का यह खेप ओड़िशा के संबलपुर से झारखंड के रास्ते बिहार के मोहनिया लेकर जाया जा रहा था.

4:01 AM. 19 Apr 23 10:31 PM. 18 Apr

चक्रधरपुर की केनके पंचायत में दर्जनों नलकूप खराब, पेयजल के लिए हाहाकार

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत चक्रधरपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती क्षेत्र केनके पंचायत के विभिन्न गांव में खराब पड़े चापाकलों के कारण स्थानीय ग्रामीण पानी की समस्या से जूझ रहे हैं. गांव में लगभग छह महीने से खराब पड़े चापाकलों के कारण हो रही परेशानी को लेकर स्थानीय ग्रामीणों द्वारा कई बार विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिये जाने के कारण ग्रामीणों ने इस बारे में समाजिक संगठन पीपुल्स वेलफेयर एसोसिएशन के सचिव डॉ विजय सिंह गागराई को सूचना दी गई. डॉ विजय सिंह गागराई के निर्देश पर मंगलवार को पीपुल्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्य गुरुचरण सामड, रामराई सामड, संतोष सिंहदेव, वीरसिंह हांसदा ने पंचायत के केनके व मोराडीह गांव पहुंचकर खराब पड़े चापाकलों को देखा. साथ ही इस दौरान ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव के खराब पड़े चापाकलों को ठीक कराया जाएगा, ताकि इस भीषण गर्मी में पानी की समस्या दूर हो सकें.

4:01 AM. 19 Apr 23 10:31 PM. 18 Apr

गर्मी को देखते हुए झारखंड में सभी स्कूलों का बदला समय, आदेश जारी

रांची : झारखंड में बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने सभी स्कूलों की टाइमिंग बदली है. अब सरकारी, गैर सरकारी और निजी स्कूलों में सुबह सात बजे से संचालित होगी. यह व्यवस्था 19 अप्रैल से लागू हो जाएगी. इस संबंध में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव के रवि कुमार ने आदेश जारी करते हुए कहा कि राज्य में अधिक गर्मी पड़ने और लू चलने को ध्यान में रखते हुए केजी से क्लास पांच तक की कक्षाएं सुबह सात बजे से 11 बजे तक और छह से ऊपर की कक्षाएं सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित की जाएगी. यह आदेश 19 अप्रैल से 25 मई, 2023 तक लागू रहेगा.

4:01 AM. 19 Apr 23 10:31 PM. 18 Apr

19 अप्रैल को रांची आ रहे राजद के प्रदेश प्रभारी जय प्रकाश नारायण

रांची : राष्ट्रीय जनता दल के प्रदेश प्रभारी सह पूर्व मंत्री जय प्रकाश नारायण यादव 19 अप्रैल को झारखंड दौरे पर रांची पहुंच रहे हैं. यहां से विश्राामपुर के लिए रवाना हो जाएंगे. यहां 20 अप्रैल को डॉ भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण करेंगे. इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव समेत अन्य कई नेता मौजूद रहेंगे.

4:01 AM. 19 Apr 23 10:31 PM. 18 Apr

रामगढ़ के कुजू में सीसीएलकर्मी ने लगायी फांसी, परिवार वालों को रो-रोकर बुरा हाल

कुजू : रामगढ़ जिला अंतर्गत कुजू ओपी क्षेत्र के बहेराटांड़ जाने वाले रास्ते के पास एक बरगद के पेड़ में फांसी लगाकर सीसीएल कर्मी ने आत्महत्या कर लिया. घटना की सूचना मिलते ही कुजू पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को पेड़ से नीचे उतारा. बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को रामगढ़ सदर अस्पताल भेज दिया. जानकारी के अनुसार, न्यू मंगरदाहा निवासी मुकेश गंझू (32 वर्ष) पिता बलकु गंझू सीसीएल महाप्रबंधक कार्यालय कुजू में क्लर्क के पद पर कार्यरत था. सोमवार को अपने घर से ड्यूटी की बात कह कर निकला था. शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला. मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने फंदे के सहारे पेड़ से लटके युवक का शव को देखा. तब इसकी जानकारी धीरे-धीरे परिजनों को मिली. परिजन घटनास्थल पर पहुंचकर शव का शिनाख्त किया. इधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. युवक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गया है.

मुख्य बातें

Jharkhand Breaking News Live Updates: झारखंड की क्राइम, पॉलिटिक्स समेत दूसरी जरूरी खबरों के लिए बने रहिए प्रभात खबर डॉट कॉम के Live सेक्शन में. झारखंड की हर छोटी-बड़ी खबरें आपको यहां मिलेंगी सबसे पहले. लेटेस्ट खबरों के लिए बने रहें हमारे साथ…

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >