स्वास्थ्य कर्मियों को हेपेटाइटिस-बी का टीका अनिवार्य, केंद्र ने भेजीं 1.17 लाख डोज

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसे सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को हेपेटाइटिस बी जैसे जानलेवा संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाने का निर्णय लिया है, जो रक्त या अन्य शारीरिक संपर्क में आने के कारण जोखिम में रहते हैं.

रांची. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने ऐसे सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों को हेपेटाइटिस बी जैसे जानलेवा संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाने का निर्णय लिया है, जो रक्त या अन्य शारीरिक संपर्क में आने के कारण जोखिम में रहते हैं. मेडिकल कॉलेज, सदर अस्पताल, सीएचसी-पीएचसी और आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात डॉक्टरों सहित सभी स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण अनिवार्य किया गया है. इसके लिए झारखंड को केंद्र की ओर से 1,17,773 डोज उपलब्ध करायी गयी है. अस्पतालों में कार्यरत प्यून, सहिया और अन्य कर्मियों को संक्रमण से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग विशेष टीकाकरण अभियान चलायेगा. यह पहल राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत की जा रही है. राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के एनवीएचसीपी के राज्य नोडल पदाधिकारी सह उप निदेशक डॉ प्रमोद कुमार सिन्हा ने रिम्स सहित सभी मेडिकल कॉलेजों और सिविल सर्जनों को राज्य वेयरहाउस में वैक्सीन की उपलब्धता की जानकारी दी है.

यहां तैनात कर्मचारियों को लगेगा टीका

राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) के लिए 3,000 डोज निर्धारित किये गये हैं. एमजीएमएमसीएच जमशेदपुर, शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज धनबाद, शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज हजारीबाग, फूलो झानो मेडिकल कॉलेज दुमका और मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज पलामू के लिए कुल 3,900 डोज भेजे गये हैं. साथ ही सभी जिलों के सिविल सर्जनों के माध्यम से निचले स्तर के अस्पतालों में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों को भी टीका लगाया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRAVEEN

PRAVEEN is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >