890 करोड़ रुपये लाभुकों के बीच हस्तांतरित, CM बोले- किसी सरकार ने नहीं किया ऐसी चुनौतियों का सामना

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि आज सरकार के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस दौरान हमने कई उतार-चढ़ाव देखे. अलग राज्य बनने के बाद पिछले 20 वर्षों में किसी भी सरकार को ऐसी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ा

Jharkhand News: हेमंत सोरेन सरकार के तीन वर्ष गुरुवार को पूरे हो गये. इस अवसर पर प्रोजेक्ट भवन सभागार में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री ने 890 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से लाभुकों को हस्तांतरित किया. यह राशि मुख्यमंत्री सूखा राहत योजना, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना और प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के लाभुकों के बैंक खातों में दी गयी.

जोहार खिलाड़ी वेब पोर्टल, आपकी योजना आपकी सरकार की स्टेटस रिपोर्ट, कार्मिक विभाग द्वारा महत्वपूर्ण अधिसूचनाओं को संकलित करती हुई कॉपी का विमोचन भी किया गया. मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सरकार के तीन वर्ष पूरे हो रहे हैं. इस दौरान हमने कई उतार-चढ़ाव देखे. झारखंड अलग राज्य बनने के बाद पिछले 20 वर्षों में किसी भी सरकार को ऐसी चुनौतियों का सामना नहीं करना पड़ा, जैसा कि हमारी सरकार को करना पड़ा.

श्री सोरेन ने कहा कि सरकार गठन के महज कुछ ही महीनों के बाद कोरोना जैसी महामारी ने पूरे विश्व को अपनी चपेट में ले लिया. दो वर्षों तक कोरोना से हम जंग लड़ते रहे. इस दौरान हमारी सरकार ने बेहतर प्रबंधन के जरिए ना सिर्फ जीवन को बचाया, बल्कि जीविकोपार्जन के भी साधन लोगों को उपलब्ध कराये. आज विकास को तेज करने का कार्य पूरी क्षमता और ताकत के साथ सरकार कर रही है. लेकिन, यह शुरुआत है. अभी हमें लंबा सफर तय करना है.

झारखंड को विकसित और समृद्ध राज्य बनाना है. उन्होंने कहा कि सरकार जिस सोच और उद्देश्य के साथ काम कर रही है, उससे यहां के लोग भी आगे बढ़ेंगे और राज्य भी आगे बढ़ेगा. मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कुछ लाभुकों को अपने हाथों से योजनाओं का लाभ प्रदान किया. वहीं, विभिन्न जिलों के लाभुकों के साथ ऑनलाइन संवाद भी किया . कई जिलों से मंत्री भी ऑनलाइन कार्यक्रम से जुड़े थे.

इस अवसर पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का, कार्मिक विभाग की प्रधान सचिव वंदना डाडेल, डीजीपी नीरज सिन्हा, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे सहित विभागों के सचिव और विभिन्न जिलों में प्रभारी मंत्री, उपायुक्त और लाभुक ऑनलाइन जुड़े थे.

मौके पर ये भी बोले

सरकार जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतर रही है. सरकार ने जो कहा है, उसे पूरा कर रही है.

आलमगीर आलम, ग्रामीण विकास मंत्री

हर तबके को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है. अगले दो वर्षों में सरकार मिसाल कायम करेगी.

सत्यानंद भोक्ता, श्रम मंत्री

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >