रांची. राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (सीइओ) के रविकुमार ने कहा है कि घाटशिला में प्रस्तावित उपचुनाव को देखते हुए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआइआर) कराया जा रहा है. मतदाता सूची में अब तक शामिल नहीं हुए पात्र मतदाता समय रहते अपना नाम जोड़वाना सुनिश्चित करें. के रविकुमार सोमवार को घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में जिला निर्वाचन पदाधिकारी, इआरओ, एइआरओ व बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के ‘एक भी मतदाता न छूटे’ लक्ष्य को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा. सीइओ ने अधिकारियों को विधानसभा क्षेत्र के सभी चेकपोस्ट चिन्हित करने, सीमावर्ती इलाकों में समन्वय स्थापित कर चेकपोस्ट की पहचान करने, फ्लाइंग स्क्वायड टीम (एफएसटी) व चुनाव संबंधी अन्य कोषांगों का गठन करने और मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पदाधिकारी एक्टिव मोड में काम करें. व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से मतदाताओं को सूची में नाम जोड़वाने और मतदान के लिए प्रेरित करें. इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रियंका सिंह, घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ, डीएसपी, एसडीओ सहित कई पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे.
निरीक्षण करने सुदूरवर्ती मतदान केंद्र पहुंचे सीइओ
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित सुदूरवर्ती मतदान केंद्र संख्या 189 (प्राथमिक विद्यालय, खेजुरदाडी) का भौतिक निरीक्षण किया. उन्होंने बीएलओ से मतदाताओं के नाम जोड़ने और केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली. सीइओ ने खेजुरदाडी मतदान केंद्र की बीएलओ की सराहना करते हुए कहा कि बीएलओ घर-घर पहुंचकर सभी आवश्यक फॉर्म संकलित कर रही हैं. मतदाता सूची से मिलान कर नये नाम जोड़े जा रहे हैं और मृत अथवा अनुपस्थित मतदाताओं की सूची भी तैयार की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
