तमाड़: सहायक आयुक्त उत्पाद रांची के निर्देशानुसार गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने बुधवार को तमाड़ थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ व्यापक छापामारी अभियान चलाया. टीम ने तमाड़ बस स्टैंड, झटगांव, कुबासाल, सलगाडीह, बड़वा, उलीडीह समेत अन्य स्थानों पर कार्रवाई की. इस दौरान दो अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया गया. भट्ठी संचालक मौके से फरार हो गये, जिनके खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया.
अभियान के दौरान अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के आरोप में पांच लोगों को विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार आरोपियों में षष्ठी मंडल, महादेव कुमार, रामधन मुंडा, कार्तिक लोहार और सोनराम मुंडा शामिल हैं. छापामारी के दौरान करीब 1250 किलो जावा महुआ, 250 लीटर चुलाई महुआ शराब, 10 लीटर विदेशी शराब और 3.250 लीटर बीयर जब्त की गयी.
अवैध शराब निर्माण से संबंधित सामग्री को मौके पर नष्ट किया गया. छापामारी दल में अवर निरीक्षक उत्पाद स्नेहाशीष सेन, पंकज कुमार, अधीनस्थ उत्पाद कर्मी एवं होमगार्ड के जवान शामिल थे.
