Ranchi News : कार ने धक्का मारने के बाद चालक सहित बाइक को घसीटा, मौत

कार चालक गिरफ्तार, गया जेल, लालपुर चौक के आगे आर्या होटल के समीप हुई घटना

वरीय संवाददाता, रांची. लालपुर चौक के आगे सोमवार की देर रात 11:45 बजे आर्या होटल के समीप कार (जेएच 01एफ एम-9698) चालक ने बाइक (जेएच 01 इवाइ-4378) को धक्का मारने के बाद कुछ दूर तक घसीटा और बाद में एक आइसक्रीम दुकान में जाकर धक्का मार दिया. सूचना मिलने पर लालपुर थाना की पुलिस वहां पहुंची और गंभीर रूप से घायल बाइक सवार युवक को रिम्स भेजा. वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी. लालपुर पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया और कार चालक रितेश ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. वह दुर्गापुर का रहने वाला है और रांची में पंचरत्न बिल्डर के मेन रोड स्थित ऑफिस में कार्यरत है. इधर, इस दर्दनाक हादसे के बाद वहां काफी लोग जमा हो गये. आइसक्रीम दुकान के संचालक और वहां जमा लोगों ने कार चालक को पकड़ा और पुलिस को सौंप दिया था. इधर, घटना की जानकारी लालपुर के गश्ती दल के दारोगा पंकज साव ने मृत युवक के घर वालों को दी. युवक की पहचान धुर्वा के बस स्टैंड के समीप स्थित डीटी- 477 निवासी रोहित कुमार सिंह (20 वर्ष) के रूप में हुई है. वह एक कंपनी में फूड डिलेवरी का काम करता था. इस संबंध में युवक की मां चंदा देवी के बयान पर कार चालक के खिलाफ लालपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. इसमें कार चालक द्वारा तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को धक्का मारते हुए घसीटने से उनके पुत्र की मौत होने की बात कही गयी है. इधर, रिम्स में युवक की मौत के बाद रिम्स के पुलिस शिविर में युवक की मां का बयान लिया गया. प्राथमिकी के आधार पर कार चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. जेल भेजने से पूर्व उसने पुलिस को बताया कि बाइक सवार अचानक उसके सामने आ गया था. उसे बचाने के प्रयास में बाइक को धक्का लगा और वह उसे घसीटते ले गया. रात में कोकर चौक से मेन रोड मार्ग में चार पहिया वाहन हो जाते हैं बेलगाम : लोगों ने बताया कि कोकर से मेन रोड जाने वाले रास्ते में रात 10 बजे के बाद वाहन चालक बेलगाम हो जाते हैं. वाहन की गति इतनी तेज होती है कि कोई दो पहिया सामने आ जाये, तो उसे रौंदते हुए निकल जाते हैं, उन्हें देखने वाला कोई नहीं है. इस रोड में स्पीड गन लगाने की मांग लोगों ने की है, ताकि रफ्तार पर लगाम लगायी जा सके. इससे चार पहिया वाहन चालक जुर्माना के डर से ही सही, संयमित होकर ड्राइविंग करेंगे. गौरतलब है कि मार्च महीने में एक स्काॅर्पियो में सवार तीन छात्रों की मौत रोड के किनारे ट्रक लगा देने के कारण उसमें धक्का लगने से घटनास्थल पर हो गयी थी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHRAWAN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >