डालसा और अनगड़ा पुलिस की तत्परता: रुकवाई 15 साल की नाबालिग की शादी, परिजनों को फटकार

Ranchi (अनगड़ा): अनगढ़ा पुलिस और डालसा के सहयोग से एक नाबालिग बच्ची को बाल विवाह से बचा लिया गया है. उनके परिजनों की काउंसलिंग की गई और बॉन्ड भरवाया गया. अनगड़ा से जितेंद्र कुमार की पूरी रिपोर्ट पढ़ें...

जितेन्द्र कुमार
Ranchi (अनगड़ा): रांची जिले के अनगड़ा थाना क्षेत्र में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) और स्थानीय पुलिस की सक्रियता से एक नाबालिग बच्ची का बाल विवाह होने से रोक दिया गया. 14 मार्च को होने वाली इस शादी की भनक लगते ही प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की. मंगलवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाकर काउंसलिंग की गई और लड़की के बालिग होने तक शादी न करने का बॉन्ड भरवाया गया.

14 मार्च को तय थी शादी

जानकारी के अनुसार, बोंगईबेड़ा पंचायत के बानपुर जहरा टोली निवासी सोमरा मुंडा की 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री का विवाह राजाडेरा पंचायत के रूपडू गांव निवासी लालसाय मुंडा के 19 वर्षीय पुत्र के साथ तय कर दिया गया था. शादी की तारीख 14 मार्च निर्धारित कर दी गई थी. इसी बीच इस प्रस्तावित बाल विवाह की सूचना डालसा की पीएलवी (PLV) बेबी सिन्हा को मिली. उन्होंने बिना देर किए तुरंत इसकी जानकारी डालसा सचिव राकेश रोशन को दी. इसके साथ ही अनगड़ा के बीडीओ जयपाल सोय और बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को भी पूरे मामले से अवगत कराया गया.

थाना प्रभारी गौतम रजवार ने की काउंसलिंग

सूचना के आधार पर अनगड़ा पुलिस ने मंगलवार को त्वरित कार्रवाई करते हुए लड़के और लड़की दोनों पक्षों को थाने बुलाया. अनगड़ा थाना प्रभारी गौतम रजवार की मौजूदगी में दोनों पक्षों की विस्तृत रूप से काउंसलिंग की गई. थाना प्रभारी ने दोनों परिवारों को स्पष्ट रूप से समझाया कि बाल विवाह एक गंभीर कानूनी अपराध है और ऐसा करने पर कड़ी सजा का प्रावधान है.

भारवाया गया बॉन्ड

कानूनी पहलुओं और सजा के प्रावधानों को समझने के बाद दोनों पक्ष मान गए. अंत में दोनों पक्षों की सहमति से एक बॉन्ड पेपर तैयार किया गया, जिसमें यह अनिवार्य शर्त रखी गई कि लड़की के पूरी तरह बालिग होने के बाद ही दोनों की शादी की जाएगी. इस पूरी कार्रवाई के दौरान मौके पर पीएलवी बेबी सिन्हा, मीना श्रीवास्तव, मालती कुमारी और शीला देवी आदि मुख्य रूप से मौजूद थीं.

ये भी पढ़ें…

LPG Crisis: रांची में LPG को लेकर हंगामा! बुकिंग बंद, डिलीवरी गायब; लोग परेशान

झारखंड के 3 यूनिवर्सिटी को मिल गए कुलपति, राज्यपाल संतोष गंगवार ने लगाई मुहर

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AmleshNandan Sinha

अमलेश नंदन सिन्हा प्रभात खबर डिजिटल में वरिष्ठ पत्रकार के रूप में कार्यरत हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता में 20 से अधिक वर्षों का अनुभव है. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद से इन्होंने कई समाचार पत्रों के साथ काम किया. इन्होंने पत्रकारिता की शुरुआत रांची एक्सप्रेस से की, जो अपने समय में झारखंड के विश्वसनीय अखबारों में से एक था. एक दशक से ज्यादा समय से ये डिजिटल के लिए काम कर रहे हैं. झारखंड की खबरों के अलावा, समसामयिक विषयों के बारे में भी लिखने में रुचि रखते हैं. विज्ञान और आधुनिक चिकित्सा के बारे में देखना, पढ़ना और नई जानकारियां प्राप्त करना इन्हें पसंद है.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >