रांची. उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद सभा स्थल का कथित रूप से शुद्धिकरण किये जाने के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग ने रांची में शिकायत दर्ज करायी है. विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने कोतवाली थाना में लिखित शिकायत देकर मामले में एफआइआर दर्ज करने की मांग की है.
प्रशांत किशोर ने कहा कि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध समाचार और वीडियो सामग्री के अनुसार सभा स्थल के शुद्धिकरण का आयोजन श्री राम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े लोगों द्वारा किये जाने की बात सामने आयी है. उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति की जातिगत पहचान के कारण उसके सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद किसी स्थान को शुद्ध करने की जरूरत बतायी जाती है, तो यह केवल एक व्यक्ति के अपमान का मामला नहीं है, बल्कि अनुसूचित जाति समाज के सम्मान और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा विषय है.
जातिगत भेदभाव के खिलाफ कार्रवाई की मांग
प्रशांत किशोर ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे राष्ट्रीय राजनीतिक दल के अध्यक्ष होने के साथ अनुसूचित जाति समाज के प्रमुख प्रतिनिधि भी हैं. उनके कार्यक्रम के बाद सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण की घटना अनुसूचित जाति समाज के लिए अपमानजनक है. उन्होंने कहा कि झारखंड के अनुसूचित जाति समाज में भी इस घटना को लेकर आक्रोश और पीड़ा है.
उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर जातिगत भेदभाव और अस्पृश्यता की भावना को बढ़ावा देने वाली गतिविधि सामने आने पर कानून के तहत कार्रवाई करने की मांग की.
प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने जताया विरोध
कांग्रेस ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जाति के आधार पर किसी तरह का भेदभाव संवैधानिक मूल्यों के खिलाफ है. पार्टी ने पूरे मामले की जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
