रांची. राज्य के सरकारी स्कूल के कक्षा सात तक के बच्चों की वार्षिक परीक्षा 17 मार्च से शुरू होगी. परीक्षा 19 मार्च तक चलेगी. झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीइआरटी) ने इस संबंध में जिलों को पत्र भेज दिया है. पत्र में कहा गया है कि कक्षा एक व दो के बच्चों की मौखिक परीक्षा होगी. कक्षा तीन से पांच तक के विद्यार्थियों के प्रत्येक विषय की परीक्षा 60-60 अंकों की होगी. जबकि कक्षा छह व सात की गणित व विज्ञान की परीक्षा 50-50 अंकों की एवं शेष विषय की परीक्षा 60-60 अंकों की होगी. जनजातीय भाषा का प्रश्नपत्र विद्यालय स्तर पर तैयार किया जायेगा. प्रश्न पत्र जेसीइआरटी द्वारा उपलब्ध कराया जायेगा. वार्षिक परीक्षा का मूल्यांकन विद्यालय स्तर पर होगा. मूल्यांकन कार्य 20 से 24 मार्च तक एवं रिजल्ट 25 मार्च तक जारी करने का निर्देश दिया गया है. परीक्षा के रिजल्ट से विद्यार्थी के अभिभावक को अवगत कराना सुनिश्चित करने को कहा गया है. परीक्षा के दौरान मध्याह्न भोजन का संचालन दो पाली के बीच के अंतराल में किया जायेगा. उल्लेखनीय है कि एक अप्रैल से स्कूलों में नया शैक्षणिक सत्र शुरू होगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
