रांची. एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को शिकायतकर्ता हिमांशु कुमार को तलब किया गया. मामला आजसू सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी और भाजपा विधायक नवीन जायसवाल की संपत्ति से जुड़ा है. हिमांशु कुमार ने पूर्व में दोनों जनप्रतिनिधियों के खिलाफ एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया गया.
चुनावी हलफनामे में संपत्ति गलत की जानकारी देने का मामला
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि सीपी चौधरी और नवीन जायसवाल ने निर्वाचन आयोग के समक्ष दाखिल चुनावी हलफनामे में संपत्ति से संबंधित गलत जानकारी दी है. हिमांशु का दावा है कि सीपी चौधरी ने बड़गाईं में बने अपने आवास की जमीन और मकान का मूल्य वास्तविक कीमत से काफी कम दर्शाया है. इसी तरह का आरोप उन्होंने विधायक नवीन जायसवाल पर भी लगाया है.
ये भी पढ़ें: रांची में छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज का विरोध, भाजपा ने बाइक रैली निकाल बंद का समर्थन किया
हरमू में मकान आवंटन पर भी उठाये सवाल
शिकायत में नवीन जायसवाल के हरमू स्थित आवास के आवंटन पर भी सवाल उठाया गया है. हिमांशु कुमार का आरोप है कि गलत जानकारी देकर हरमू हाउसिंग बोर्ड से मकान आवंटित कराया गया. उनका कहना है कि नियम के अनुसार, जिन आवेदकों का अपना मकान हाउसिंग बोर्ड की कॉलोनी से सात किमी के दायरे में पहले से है, उन्हें बोर्ड की ओर से जमीन या मकान आवंटित नहीं किया जा सकता. शिकायतकर्ता के अनुसार नवीन जायसवाल का अपना मकान इस दायरे में स्थित है. उन्होंने पूरे मामले की जांच की मांग की है.
