रांची: 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2026-27 के लिए झारखंड टीम के खिलाड़ियों के चयन की राज्य स्तरीय खुली प्रक्रिया बुधवार से शुरू हुई. पहले दिन नौ खेलों में कुल 797 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया. इनमें 479 बालक और 318 बालिका खिलाड़ी शामिल रहे. खिलाड़ियों ने अलग-अलग खेल स्थलों पर अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया. कुश्ती फ्री स्टाइल में सर्वाधिक 167 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया.
वहीं कुश्ती ग्रीको रोमन में 46, टेबल टेनिस में 91, योग में 178, जिम्नास्टिक में 41, सॉफ्टबॉल में 35, भारोत्तोलन में 37, बास्केटबॉल में 128 और तैराकी में 74 खिलाड़ियों ने चयन प्रक्रिया में भाग लिया. कुश्ती के अखाड़े से लेकर स्विमिंग पूल और विभिन्न इंडोर स्टेडियमों तक खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन के लिए पसीना बहाते नजर आए.
चयन के दौरान खिलाड़ियों के खेल कौशल, तकनीकी दक्षता, फिटनेस और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का मूल्यांकन निर्धारित मानकों के आधार पर किया गया. 13 अगस्त को रांची खेलगांव के विभिन्न स्टेडियम में बास्केटबॉल बालक, खो-खो, गतका, कुश्ती बालिका, नेटबॉल, सेपक टकरॉ और बैडमिंटन बालक की चयन प्रक्रिया होगी.
