सरायकेला : राज्य का विकास के लिए सत्ता परिवर्तन जरूरी है. सरकार की गलत नीतियों के कारण झारखंड के लोग मजदूर बनकर रह गये हैं. इस बार चूक गये तो फिर पांच साल तक पछताना पड़ेगा. विकास के लिए झामुमो को वोट दें. उक्त बातें झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन ने कहीं.
वे मंगलवार को सरायकेला के सिदाडीह में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे. श्री सोरेन ने कहा कि आप भले एक वक्त न खायें, लेकिन अपने बेटा-बेटियों को जरूर पढ़ायें. बच्चे शिक्षित होंगे तो घर के साथ राज्य का विकास होगा. श्री सोरेन ने कहा कि झारखंड धनी प्रदेश है. प्राकृतिक संसाधनों से परिपूर्ण है.
यहां के लोग गरीब हैं. फूस के घर में रहते हैं. हमलोग लूटपाट करना नहीं जानते हैं, क्योंकि हम लोग सीधे साधे हैं. बाहरी लोग इस प्राकृतिक संसाधन का उपभोग कर रहे हैं. मौके पर झामुमो प्रत्याशी चंपई सोरेन ने कहा कि भाजपा ने गलत स्थानीय नीति परिभाषित कर आदिवासी-मूलवासियों के दिल में चोट पहुंचायी है.
