पटना/रांची : झारखंड विस चुनाव में जदयू 80 फीसदी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगा. अन्य सीटों पर गठबंधन के लिए पार्टी ने संकेत दिया है. फिलहाल सीटों के अनुसार बेहतर उम्मीदवारों की सूची तैयार की जा रही है. इसमें प्राथमिकता में जदयू के प्रभाव क्षेत्र वाले पलामू प्रमंडल की नौ विस सीट हैं. इन नौ सीटों सहित 13 विधानसभा सीटों पर पहले चरण का चुनाव 30 नवंबर को होगा. इसके लिए नामांकन छह से 13 नवंबर तक होगा.
उम्मीदवारों की सूची पार्टी इस हफ्ते जारी करेगी. इसके बाद प्रत्येक चरण के अनुसार पार्टी उम्मीदवारों की सूची जारी होगी. झारखंड विस की 81 सीटों में से जदयू 65 सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़ा करेगा. वहीं, 2014 के चुनाव में पार्टी ने 11 उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन किसी को भी जीत नहीं मिली. उस समय जदयू ने महागठबंधन में राजद और कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था.
झाविमो से गठबंधन की संभावना : सालखन मुर्मू
झारखंड में जदयू के प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू ने कहा है कि पार्टी 80 फीसदी सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी. उन्होंने झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम) से गठबंधन की संभावना जतायी. कहा है कि जेवीएम के अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कुछ समय पहले जदयू के साथ चुनाव लड़ने का संकेत दिया था. यदि झाविमो और जदयू के लिए ऐसा होता है तो जनता को नया और बेहतर विकल्प मिलेगा.
