नगर विकास सचिव ने योजना से संबंधित एजेंसी आइडेक को दिया निर्देश
रांची : नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह ने राज्य में इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आइएसबीटी) और ट्रांसपोर्ट नगर का विस्तृत कार्य प्रतिवेदन (डीपीआर) 10 दिन में तैयार करने का निर्देश दिया है. प्रोजेक्ट भवन में बैठक कर श्री सिंह ने डीपीआर बनाने वाली एजेंसी आइडेक से कहा कि आइएसबीटी में हरियाली का खास ध्यान रखा जाये. इमारतों का निर्माण एक साथ किया जाये.
श्री सिंह ने डीपीआर तैयार कर नगर निकाय के बोर्ड से स्वीकृत कराने के निर्देश दिये. कहा कि आइएसबीटी और ट्रांसपोर्ट नगर का संचालन नगर निकाय को ही करना है. सचिव ने आइडेक को यात्रियों के लिए डॉरमेट्री की जगह एक रूम का ब्लॉक बनाने के निर्देश दिये. कहा कि प्रतीक्षालय पूरी तरह केंद्रित वातानुकूलित होना चाहिए. आइडेक ने दोनों योजनाओं के प्रस्तावित प्रारूप का प्रस्तुतीकरण भी किया.
खादगढ़ा व दुबलिया में बनना है आइएसबीटी : रांची के खादगढ़ा में 15 एकड़ और दुबलिया में 38 एकड़ भूमि पर आइएसबीटी का निर्माण प्रस्तावित है. इसमें बहुमंजिली भवन का निर्माण भी शामिल है. खादगढ़ा में 34 बस-वे, 54 बसों का पार्किंग स्थल, कमर्शियल मॉल, थ्री स्टार होटल, मल्टीप्लेक्स और 681 अन्य वाहनों के लिए पार्किंग का प्रावधान किया जा रहा है.
खादगढ़ा को आइएसबीटी में बदलने पर 144 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्ताव है. वहीं, दुबलिया में 38 एकड़ भूमि 275 करोड़ रुपये खर्च कर आइएसबीटी का निर्माण प्रस्तावित है. यहां 54 बसों के लिए बस वे, 190 बसों और 477 कार पार्किंग की भी व्यवस्था रहेगी. साथ ही मल्टीप्लेक्स, फूड कोर्ट, होटल और वेटिंग रूम के अलावा कमर्शियल सुविधा वाली दुकानें भी होंगी.
सुकुरहुटू में होगा ट्रांसपोर्ट नगर : कांके के सुकुरहुटू में ट्रांसपोर्ट नगर का निर्माण होगा. 40 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर में ढाबा, वेब्रिज, वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, पुलिस स्टेशन, रिटेल शॉप और डॉरमेट्री भी होंगे. इसके निर्माण पर 220 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है.
