रांची : झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्या ने कहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य सरकार के कामकाज की तारीफ की है. श्री नड्डा ने अपनी बात में यूएनडीपी के सर्वे रिपोर्ट का जिक्र किया है.
इसमें कहा गया है कि भारत में 27 करोड़ लोगों का जीवन स्तर सुधरा है. यूएनडीपी का यह सर्वे 2006-16 का है. इस दौरान मात्र दो साल का ही शासन भाजपा का था. असल में यह उपलब्धि यूपीए की है. भाजपा सरकार इसे अपनी उपलब्धि बता रही है. रविवार को प्रेस से बात करते हुए श्री भट्टाचार्या ने कहा कि नड्डा जी जब स्वास्थ्य मंत्री थे, तो नेशनल फैमली हेल्थ सर्वे कराया था.
इसमें 113 में सात जिले झारखंड के कुपोषित जिले निकले. चाईबासा में 67 फीसदी बच्चे कुपोषित पाये गये. यह सबसे खराब जिला है. 2017 से 2019 के बीच 20 लोगों की मौत भुखमरी से हो गयी. तब ऐसे दावे का आधार क्या है, यह भी जानकारी देनी चाहिए. झूठे आंकड़े के लिए भाजपा और रघुवर दास को माफी मांगनी चाहिए. सरकार में रहकर झूठ बोल रहे हैं. रोड कनेक्टिविटी बात करनेवाले नड्डा जी को रांची-टाटा रोड का हाल देखना चाहिए. सरकारी बाबू का आंकड़ा सीएम को खुश कर सकता है, लेकिन जनता को नहीं.
आयुष्मान योजना में एक निजी टीएमएच नहीं जुड़ा हुआ है. यह सीएम के गृह नगर का टीएमएच है. किसी भी स्वतंत्र एजेंसी से जांच करा लें, कोई भी बड़ा अस्पताल इस योजना का सम्मान नहीं दे रहे हैं. वे इलाज करने के लिए तैयार नहीं हैं. उनका कहना है कि हम लोगों को पैसा नहीं मिलता है. इस कारण हम इलाज नहीं करते हैं.
