- अन्नपूर्णा-गिरिनाथ का भाजपा में जाना पार्टी के लिए बड़ा झटका
- पूर्व विधायक जनार्दन पासवान भी गये
- कई नेता हैं कतार में, कई जिलों में संगठन होगा ध्वस्त
रांची : लोकसभा चुनाव से पहले झारखंड की राजनीति करवट ले रही है़ दलों में भाग-दौड़ मची है़ लोकसभा चुनावी जंग से पहले ही प्रदेश में राजद पस्त हो गया है़ कुनबा बिखर गया है़ राजद के दो बड़े नेता प्रदेश अध्यक्ष रहीं अन्नपूर्णा देवी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गिरिनाथ सिंह ने भाजपा का दामन थाम लिया है़ झारखंड में दोनों ही राजद के कद्दावर नेता थे़
इन दोनों के जाने से पार्टी को बड़ा झटका लगा है़ कई जिलों में इनके जाने से पार्टी की सांगठनिक स्थिति ध्वस्त होगी़ राजद के चतरा से विधायक रहे जनार्दन पासवान भी भाजपा में चले गये है़ं पलामू में पार्टी को भाजपा ने जोरदार और पूरी रणनीति के साथ कमजोर किया है़ सूचना के मुताबिक राजद के दूसरे पूर्व विधायक भी भाजपा में जाने की तैयारी में है़ं
चतरा सीट पर सुभाष की दावेदारी से बदला गणित : चतरा सीट पर पार्टी सुप्रीमो लालू प्रसाद ने सुभाष यादव को आगे बढ़ाया़ लेकिन यह निर्णय उलटा पड़ा़ पार्टी के अंदर इसको लेकर विरोध हुआ़ अन्नपूर्णा देवी और गिरिनाथ सिंह संगठन से दूर होते गये़ प्रदेश कमेटी पहले पलामू सीट पर दावेदारी कर रही थी़ लालू प्रसाद ने इसको हल्के में लिया़
सूचना ताे यहां तक है कि अन्नपूर्णा को यूपीए की बैठक से दूर रखा गया़ लालू प्रसाद प्रदेश के नेताओं की बात मानने के लिए तैयार नहीं थे़ राजद को यूपीए खेमा में जब तक पलामू सीट मिली, तब तक बहुत देर हो चुकी थी़ गिरिनाथ सिंह संगठन के कामकाज से पहले ही दूर चल रहे थे़
विधानसभा चुनाव को लेकर भी परेशान हैं राजद के नेता
दूसरी ओर विधानसभा चुनाव के लिए राजद के कई नेता बैटिंग कर रहे है़ं जनार्दन पासवान का भाजपा में जाना, यह संकेत दे रहा है़ राजद के दूसरे पूर्व विधायक भी अपनी जमीन बचाने के लिए जोर लगा रहे है़ं भाजपा में अपना ठिकाना तलाश रहे है़ं प्रदेश भाजपा पूरी रणनीति के साथ काम कर रही है़ ऐसे लोगों को शामिल करा रही है, जिससे विधानसभा की कई सीटों पर भी निशाना साधा जाये़
