रांची : विगत दिनों रिम्स में पिछले दिनों इलाज के दौरान हुई पहाड़िया बच्ची की मौत को लेकर झारखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग काफी गंभीर है.
आयोग की अध्यक्ष आरती कुजूर ने गृह, कारा एवं आपदाविभाग के प्रधान सचिव से मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. इस बारे में श्रीमती कुजूर ने प्रधान सचिव को पत्र भी लिखा है. पत्र के माध्यम से बताया गया है कि विगत 25 सितंबर को उक्त बच्ची को हरियाणा से रेस्क्यू कर लाया गया था.
गोड्डा जिले के उक्त नाबालिग बच्ची के साथ हरियाणा में बलात्कार की घटना हुई थी. उसे मानसिक और शारीरिक रूप से काफी प्रताड़ित भी किया गया था. रांची लाने के बाद जब वह अपनी मां से मिली, तो वह काफी खुश थी. यहां लाये जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गयी. इसके बाद उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया था. इस दौरान उसकी हालत बिगड़ गयी. 10 अक्तूबर को उक्त पीड़िता की रिम्स में मौत हो गयी.
