पिठोरिया : सांगा गांव में जमीन विवाद को लेकर बुधवार की रात दो पक्षों में मारपीट की घटना हुई थी. मारपीट में छवीश्वर बोस व विशाल सिंह घायल हो गये थे. दोनों की स्थिति खतरे से बाहर है. ग्रामीण गुरुवार को भी मंटू सिंह की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे. बाद में पिठोरिया थाना प्रभारी लालजी यादव द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन देने पर ग्रामीण शांत हुए. पुलिस द्वारा किसी भी अप्रिय घटना को रोकने को लेकर गांव में सशस्त्र बल की तैनाती की गयी है. रात में भी गश्त जारी रहेगी.
क्या है मामला
सांगा गांव में श्रीश्री बालाजी 108 भगवान मंदिर में पूजा पाठ सहित अन्य रख-रखाव के लिए गांव के जमींदार सुख सागर साईं व सोबरन साईं के पूर्वजों द्वारा पुजारी को आजीविका के लिए 18 एकड़ जमीन दी गयी थी.
मंदिर के पुजारी के अन्य स्थल पर चले जाने के कारण मंदिर ध्वस्त हो गया है. मंदिर के पुजारी के वंशज रामगढ़ जिला निवासी गोपाल दत्त मिश्रा द्वारा किसी मंटू सिंह से जमीन बेची जा रही है. इसी का विरोध ग्रामीण कर रहे हैं.
