19 जून काे हाे एडीजी को संजय शर्मा ने दी थी गैंग रेप की सूचना, पुलिस कैसे कह रही जानकारी नहीं मिली

उठाया सवाल. पुलिस के दावों पर आशा किरण की संचालिका व चश्मदीद रंजीता किंडो ने कहा गैंगरेप प्रकरण रंजीता ने खूंटी के डीसी-एसपी से लेकर मुख्य सचिव, गृह सचिव व डीजीपी को पत्र लिख पूरे वाक्या से कराया अवगत युवा जागृति सांस्कृतिक कला संगम चलाता है संजय शर्मा, इसी के बयान पर हुई है प्राथमिकी […]

उठाया सवाल. पुलिस के दावों पर आशा किरण की संचालिका व चश्मदीद रंजीता किंडो ने कहा

गैंगरेप प्रकरण
रंजीता ने खूंटी के डीसी-एसपी से लेकर मुख्य सचिव, गृह सचिव व डीजीपी को पत्र लिख पूरे वाक्या से कराया अवगत
युवा जागृति सांस्कृतिक कला संगम चलाता है संजय शर्मा, इसी के बयान पर हुई है प्राथमिकी
रांची : पांच महिलाओं के साथ गैंगरेप मामले में घटना की चश्मदीद आशा किरण शेल्टर होम, फुदी, खूंटी की संचालिका सिस्टर रंजीता किंडो का लिखित बयान सामने आया है. उन्होंने अपने बयान में पुलिस प्रशासन के उस दावे पर पलटवार किया है, जिसमें कहा गया था कि पुलिस को समय पर मामले की सूचना नहीं दी गयी थी. सिस्टर ने पत्र में दावा किया है कि 19 जून को घटना हुई थी, उसी रात में युवा जागृति सांस्कृतिक कला संगम के संजय कुमार शर्मा ने एडीजी अनुराग गुप्ता को मामले की जानकारी दे दी थी. यह बात खुद संजय शर्मा ने उन्हें घटना के अगले दिन 20 जून को बतायी थी. साथ ही कहा था कि सभी पीड़ितों को लेकर उनके पास रांची आ जायें.
इस पर मैंने खूंटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही. इस पर पीड़ित पक्षों द्वारा मुझे कहा गया कि पहले हमारे घर-परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करें, तभी पुलिस को सूचना दें. इससे पूर्व घटना के दिन 19 जून को भी कोचांग से पीड़िताओं के साथ लौटने के क्रम में डीसी कार्यालय के समक्ष रात 8:30 बजे पहुंचे थे. पीड़िताओं से कहा था कि चलिये डीसी को मामले की जानकारी दें. इस पर पीड़िताओं ने कहा कि अगर हमलोग डीसी को जानकारी देंगे, तो अपराधी हमारे परिवार के साथ हमें भी मार डालेंगे.
हमलोग सोच-समझकर कल जवाब देंगे. बता दें कि मामले में पुलिस ने मिशन स्कूल के फादर अल्फोंस आइंद को यह आरोप लगाते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजा था कि उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को समय पर नहीं दी और न ही पीड़िताओं को बचाने का प्रयास किया. मामले में सिस्टर रंजीता ने खूंटी के डीसी-एसपी से लेकर मुख्य सचिव, गृह सचिव व डीजीपी सहित अन्य अफसरों को पत्र लिखकर पूरे वाकया से अवगत कराया है़
20 जून को डीसी ने रात आठ बजे किया फोन, थाने पहुंची तो एसपी ने भी ली जानकारी : सिस्टर ने पत्र में कहा है कि घटना के अगले दिन 20 जून की रात खूंटी डीसी सूरज कुमार ने मुझे रात आठ बजे फोन किया़ मामले की जानकारी ली. इसके बाद रात 9:30 बजे मैं महिला व अन्य पुलिसकर्मियों के साथ खूंटी थाने पहुंची. वहां पर डीसी-एसपी ने पूछताछ की. उस वक्त सिस्टर विनिता बिलुंग, नुक्कड़ नाटक टीम के संचालक संजय शर्मा, एक पीड़िता व उनके पति भी मौजूद थे. पूछताछ के क्रम में एक अन्य महिला से डीसी ने पूछा, तो उसने आशंका जतायी कि सरना और ईसाई समुदाय के बीच विवाद की संभावना है. इस पर डीसी नाराज हो गये और उस महिला को बाहर निकाल दिया. वहीं 20 जून की रात 9:30 बजे से लेकर सुबह तीन बजे तक पूछताछ के बाद हमें घर भेज दिया.
संजय शर्मा ने कहा था, एक जन के कारण हम सभी से बदला लिया : पत्र में सिस्टर ने कहा है कि खूंटी महिला थाने में संजय शर्मा ने कहा था कि एक जन के कारण हम सबसे बदला लिया गया़ उसका यह बयान रहस्यमय है. इसका खुलासा होना चाहिए. …और प्रताड़ित ना करें, निर्दोष फादर को करें रिहा : सिस्टर ने अफसरों को लिखे पत्र में जिक्र किया है कि मैं बीमार हूं. फुदी से बाहर इलाजरत हूं. मुझे प्रताड़ित नहीं किया जाये. कांड के गुनाहगारों को अविलंब गिरफ्तार कर उन्हें कड़ी सजा दिलायी जाये. पीड़िताओं को उनके परिवार से मिलने दिया जाये. साथ ही मामले में निर्दोष फादर अल्फोंस आइंद को रिहा किया जाये़
संजय शर्मा के बार-बार अाग्रह पर नुक्कड़ नाटक के लिए गयी थी कोचांग
: रंजीता किंडो ने कहा कि संजय शर्मा बार-बार आग्रह कर रहा था कि कोचांग के मुखिया ने अपने क्षेत्र में नुक्कड़ नाटक कराने का आग्रह किया है. अंतत: उनके आग्रह पर मैं नाटक कराने को राजी हुई थी़
चश्मदीद सिस्टर रंजीता ने कहा : जिस महिला का नाम पूछा उसे आल्टो कार से व बाकियों को एंबुलेंस में बैठा किया अगवा
रांची : खूंटी के कोचांग क्षेत्र में पांच महिलाओं के साथ हुई गैंगरेप के मामले में नये तथ्य सामने आये हैं. मिशन स्कूल कोचांग में जिस वक्त महिलाओं का अपराधियों द्वारा अपहरण किया जा रहा था, उस समय की चश्मदीद रही आशा किरण संस्था की संचालिका सिस्टर रंजीता किंडो ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अपना लिखित बयान भेजा है.
कहा है कि 19 जून को अचानक लोगों से पूछते हुए हमलोग कोचांग स्थित चर्च पहुंचे़ एक टीचर से फादर के बारे में जानकारी ली. उस वक्त फादर अल्फोंस आइंद सिस्टरों के कॉन्वेंट में गये हुए थे नयी सिस्टर की स्वागत के लिए. फादर से उनके स्कूल में मानव तस्करी के खिलाफ नुक्कड़ नाटक की इजाजत मांगी, तो वे भी तैयार हो गये. डेढ़ बजे स्कूल में नुक्कड़ नाटक का मंचन शुरू हुआ. 10-15 मिनट नाटक चला ही था कि एक तेज आवाज वाली मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति स्कूल मैदान में पहुंचे. दो चक्कर लगा कर वे फिर मैदान में ही रुक गये. इसके बाद एक और बाइक पर तीन लोग आये. उनमें से एक ने कड़क अावाज में कहा,
आप सब इधर आयें. पहले संजय शर्मा उनके पास गया, फिर हम सबको बुलाया. इस पर नुक्कड़ नाटक मंडली में शामिल महिला से वे लोग मुंडारी में उससे बात करने लगे. फिर सबको गाड़ी में बैठने का हुक्म दिया. तभी फादर अल्फोंस आइंद ने हाथ जोड़कर अपराधियों से कहा कि जो कहना है यहीं कहो, इनको मत ले जाओ. मैं भी बोली, भैया माफ कर दीजिये. अब हम यहां नहीं आयेंगे़. लेकिन, वे नहीं माने. अपराधियों ने कहा कि पूछताछ के बाद दो घंटे में सभी को छोड़ देंगे. मैं भी महिलाओं के साथ जाने को तैयार हुई, तो उनलोगों ने मुझे रोक दिया. जिस महिला का अपराधियों ने नाम पूछा था, उसको अकेले आल्टो कार से व बाकी की चार महिलाओं व पुरुषों को एंबुलेंस से अगवा कर दोपहर ढाई बजे ले गये़
साढ़े पांच बजे महिलाओं को लेकर वापस स्कूल पहुंचे अपराधी : अपराधी अगवा महिलाआें व पुरुषों को साथ लेकर वापस साढ़े पांच बजे शाम में स्कूल पहुंचे. सिस्टर रंजीता ने कहा कि अपराधियों ने
मुझे अकेले बुलाकर कहा कि आप यहीं नुक्कड़ नाटक कराती हैं, मैं बोली-भैया माफ कर दीजिये. उन्होंने मेरा मोबाइल नंबर लिया. तब तक फादर अल्फोंस आइंद भी वहां आ गये थे. उन्होंने अगवा हुए लोगों से मामले की जानकारी चाही, लेकिन अपराधियों के डर से किसी ने उनके सामने मुंह नहीं खोला. तभी संजय शर्मा ने अपराधियों से कहा कि दादा अब हमलोग जा सकते हैं? अपराधी बोले, जाइये. फिर नुक्कड़ नाटक मंडली और मेरी टीम गाड़ी में बैठकर वहां से निकल पड़ी.
रास्ते में मैंने अगवा महिलाओं से पूछा कि उनके साथ क्या हुआ है. उन्होंने बस इतना कहा कि अच्छा हुआ सिस्टर, आप हमलोगों के साथ नहीं गयी. घटना में घायल नुक्कड़ नाटक मंडली का सदस्य जगरनाथ ने मुरहू में हमें बताया कि बताया कि महिलाओं के साथ बहुत गलत हुआ है. बार-बार पूछने पर पीड़ित महिलाओं ने कहा कि उनके साथ गलत हुआ है़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >